Breaking News

आंध्र प्रदेश में फूड पॉइजनिंग से 80 से ज्यादा बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती     |   दिल्ली में 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी     |   दिल्ली: विकासपुरी में बस में लगी भीषण आग     |   यूपी में बजट सत्र आज से, 11फरवरी को पेश होगा बजट     |   अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने जापान की नव निर्वाचित पीएम तकायची को दी जीत की बधाई     |  

निलंबित कांग्रेस विधायक ममकूटाथिल पर यौन उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज

पलक्कड़ के विधायक राहुल ममकूटाथिल पर एक महिला द्वारा यौन उत्पीड़न और उसे गर्भपात के लिए मजबूर करने का आरोप लगाए जाने के बाद उनके खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार देर रात दर्ज किए गए महिला के बयान के आधार पर शुक्रवार को वलियामाला पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। महिला ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को अपनी शिकायत सौंपी थी। तिरुवनंतपुरम ग्रामीण पुलिस मुख्यालय में महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा उसका विस्तृत बयान दर्ज किया गया। देर रात तक प्रक्रिया चलती रही, जिसके बाद मामला दर्ज करने का निर्णय लिया गया।

भारतीय न्याय संहिता के तहत यौन उत्पीड़न करने, जबरन गर्भपात कराने, मारपीट करने, अवैध रूप से घर में घुसने और आपराधिक धमकी से संबंधित प्रावधानों में मामला दर्ज किया गया है। ममकूटाथिल के दोस्त जॉबी जोसेफ को भी आरोपी बनाया गया है। ऐसा आरोप है कि अदूर के मूल निवासी जोसेफ ने शिकायतकर्ता महिला को गर्भपात के लिए दवा दी थी। पुलिस ने कहा कि मामला नेमोम पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां अपराध हुआ था। तिरुवनंतपुरम शहर के पुलिस आयुक्त की देखरेख में एक टीम मामले की जांच करेगी।

पुलिस शिकायतकर्ता का बयान दर्ज कराने के लिए तिरुवनंतपुरम मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत का रुख करेगी। चिकित्सकों का एक दल जल्द ही महिला की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करेगा। इस बीच, महिला द्वारा मुख्यमंत्री से संपर्क करने के बाद ममकूटाथिल कथित तौर पर छिप गए हैं। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। विधायक से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। पलक्कड़ में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ममकूटाथिल गुरुवार शाम करीब चार बजे तक स्थानीय निकाय चुनावों के लिए कन्नडी क्षेत्र में सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे थे, जिसके बाद उन्हें और उनके एक करीबी सहयोगी को नहीं देखा गया।

इससे पहले, अपराध शाखा ने एक ऑडियो क्लिप और ‘चैट’ संदेशों के आधार पर एक मामला दर्ज किया था। ये क्लिप और संदेश पुलिस मुख्यालय को कुछ लोगों द्वारा भेजे गए एक ईमेल से सामने आए थे। उस समय महिला खुद सामने नहीं आई थी। दो दिन पहले, एक नया कथित ऑडियो क्लिप जारी किया गया था जिसमें विधायक को यह कहते सुना गया था कि वह एक बच्चा चाहते हैं लेकिन बाद में उन्होंने महिला से गर्भपात कराने का आग्रह किया था।

ममकूटाथिल को 25 अगस्त को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था। इससे पहले मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज द्वारा एक ‘युवा नेता’ पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाए जाने के बाद ममकूटाथिल ने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इन आरोपों के बाद भारतीय जनता पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की युवा शाखा डीवाईएफआई ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद कई महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर ने भी उनके खिलाफ आरोप लगाए। पूर्व विधायक शफी परम्बिल के वतकरा से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद पिछले साल नवंबर में पलक्कड़ सीट पर हुए उपचुनाव में ममकूटाथिल को विधायक चुना गया था।