Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

IT शेयरों की अगुवाई में मजबूत वैश्विक रुख के बीच शेयर बाजारों में तेजी, निफ्टी 25,150 के स्तर पर पहुंचा

अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता को लेकर बढ़ी उम्मीदों के बीच वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के चलते बुधवार को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त दर्ज की गई और कारोबार सकारात्मक दायरे में खत्म हुआ। इसके अलावा, ताजा अमेरिकी-भारत व्यापार चर्चाओं और विदेशी फंड प्रवाह से भी बाजार की धारणा में सुधार हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 123 अंक बढ़कर 82,515 पर जबकि एनएसई निफ्टी 37 अंक चढ़कर 25,141 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एचसीएल टेक, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फिनसर्व सबसे ज्यादा चढ़े। जबकि पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, अडाणी पोर्ट्स, इंडसइंड बैंक, नेस्ले इंडिया और एचडीएफसी बैंक के शेयर सबसे ज्यादा लुढ़के। क्षेत्रीय मोर्चे पर, हेल्थकेयर, आईटी, ऑयल एंड गैस, रियलिटी और ऑटो शेयरों ने बाजार की रफ्तार को आगे बढ़ाया। जबकि बैंक, एफएमसीजी, पावर, फाइनेंशियल सर्विसेज और कैपिटल गुड्स शेयरों ने बाजार को नीचे खींचा।

जापान के निक्केई, सियोल के कोस्पी, चीन के शंघाई कम्पोजिट और हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग सहित लगभग सभी एशियाई बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। जबकि इंडोनेशिया का जकार्ता कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुआ।
बुधवार को यूरोपीय बाजार सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। मंगलवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 2,301 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर खरीदे।