Breaking News

दिल्ली में भारी बारिश से सड़कों पर पानी भरा; 16 फ्लाइट्स कैंसिल, 132 लेट     |   राम रहीम को 7 साल में 17वीं बार मिली पेरोल     |   TMC सांसद अभिषेक बनर्जी को राहत, कलकत्ता हाई कोर्ट ने दी अंतरिम सुरक्षा     |   पाकिस्तान बॉर्डर के पास अभ्यास करेगा अमेरिकी F35 फाइटर जेट     |   तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा     |  

Share Market: कच्चे तेल के दाम में नरमी से शेयर बाजार में लौटी तेजी, सेंसेक्स 639 अंक चढ़ा

Share Market: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के जल्दी खत्म होने की उम्मीद के बीच कच्चे तेल के दाम में नरमी और दुनिया के अन्य प्रमुख शेयर बाजारों में तेजी से घरेलू बाजार पर सकारात्मक असर हुआ। इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी मंगलवार को लगभग एक फीसदी बढ़कर बंद हुए, जिससे दो दिन की गिरावट का सिलसिला टूट गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड नौ फीसदी टूटकर 90 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 639 अंक बढ़कर 78,206 पर, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 233 अंक चढ़कर 24,261 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड, मारुति सुजुकी, आईसीआईसीआई बैंक और एशियन पेंट्स सबसे ज्यादा चढ़े। जबकि इटरनल लिमिटेड, इंफोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर सबसे ज्यादा लुढ़के।

क्षेत्रीय मोर्चे पर, आईटी और ऑयल एंड गैस शेयरों को छोड़कर बाकी सभी सूचकांक मजबूत रहे, जिनमें ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, फाइनेंशियल सर्विसेज, बैंक, रियलिटी, मेटल्स, कैपिटल गुड्स और हेल्थकेयर काउंटर शामिल थे। दक्षिण कोरिया के कोस्पी, जापान के निक्केई, चीन के शंघाई कम्पोजिट और हॉन्गकॉन्ग के हैंग सेंग समेत सभी बड़े एशियाई बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजारों में मंगलवार को काफी बढ़त देखी गई। वॉल स्ट्रीट सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशक सोमवार को शुद्ध विक्रेता रहे और उन्होंने 6,345 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे।