Breaking News

‘ED पार्टी को पंजाब से भगाना है’, निकाय चुनाव नतीजों पर केजरीवाल का X पोस्ट     |   दिल्ली-एनसीआर में GRAP-1 की पाबंदियां हटाई गईं     |   आईपीएस महेश कुमार अग्रवाल को तमिलनाडु का डीजीपी नियुक्त किया गया     |   डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी शनिवार को आगरा पहुंचेंगी, रविवार को देखेंगी ताजमहल     |   UP: हमीरपुर पुल ढहने के मामले में असिस्टेंट इंजीनियर गजेंद्र कुमार चौधरी सस्पेंड     |  

कमजोर मानसून के अनुमान से दबाव में शेयर बाजार, सेंसेक्स 1092 अंक लुढ़का

Share Market: इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी शुक्रवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए। मानसून के कमजोर रहने के अनुमान और अमेरिका-ईरान संघर्ष विराम को लेकर जारी भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच इनमें एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि जून से सितंबर के दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान देश में वर्षा दीर्घकालिक औसत के 90 प्रतिशत रहने का अनुमान है। पूर्वोत्तर क्षेत्र में सामान्य बारिश होने का अनुमान है, जबकि अन्य हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.52 प्रतिशत गिरकर 92.29 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। आखिरी मिनट में हुई भारी बिकवाली की वजह से 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,092 अंक लुढ़ककर 74,775 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 359 अंक टूटकर 23,547 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा स्टील सबसे ज्यादा लुढ़के। जबकि टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, लार्सन एंड टुब्रो और इंफोसिस के शेयर ही चढ़े।

क्षेत्रीय स्तर पर आईटी और टेलीकॉम शेयरों को छोड़कर, सभी सूचकांकों में भारी बिकवाली देखने को मिली, जिसकी अगुवाई ऑयल एंड गैस, मेटल्स, एनर्जी, बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज और ऑटो शेयरों ने की। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग बढ़त के साथ, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट के साथ बंद हुआ।

यूरोपीय बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशक बुधवार को शुद्ध विक्रेता बने रहे, क्योंकि उन्होंने 1,042 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे। ईद-उल-अजहा के मौके पर गुरुवार को शेयर बाजार बंद रहे।