कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार हुआ है और डॉक्टरों को उम्मीद है कि उन्हें एक-दो दिन में सर गंगा राम अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि 79 वर्षीय सोनिया गांधी, जिन्हें 24 मार्च की रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था, अब तेजी से ठीक हो रही हैं। उन्होंने कहा, “सोनिया गांधी की स्थिति अब काफी बेहतर है। उनकी सेहत में सुधार हो रहा है और वे सहज महसूस कर रही हैं। वह चल-फिर रही हैं और उन्होंने नाश्ता भी किया है। कुल मिलाकर उनकी रिकवरी अच्छी है और हमें उम्मीद है कि उन्हें एक-दो दिन में डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।”
अस्पताल ने पहले बताया था कि सोनिया गांधी को बुखार के चलते भर्ती कराया गया था और उन्हें एक संक्रमण के लिए एंटीबायोटिक दवाओं से इलाज दिया जा रहा है, जिस पर उनका शरीर अच्छी प्रतिक्रिया दे रहा है। अस्पताल के अनुसार, “सोनिया गांधी को 24 मार्च की रात बुखार के कारण भर्ती किया गया था। उनका इलाज डॉ. डी.एस. राणा, डॉ. एस. नंदी और डॉ. अरुप बसु की देखरेख में किया जा रहा है और वे उपचार पर अच्छी प्रतिक्रिया दे रही हैं।”
यह पहली बार नहीं है जब सोनिया गांधी को अस्पताल में भर्ती कराया गया हो। पिछले साल जून में भी उन्हें पेट से जुड़ी समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले 7 जून को उन्हें हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भी भर्ती किया गया था।इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी सोनिया गांधी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से चिंतित हूं। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मुझे विश्वास है कि वह जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर लौटेंगी।”