Breaking News

पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अभी भी ट्रैफिक जाम     |   दिल्ली: सिख फ़ॉर जस्टिस के आतंकी पन्नू के स्लीपर सेल के दो गुर्गे गिरफ्तार     |   इजरायल ने गाजा ब्रिगेड के कमांडर अल-हबील का किया काम तमाम, हमास में मची खलबली     |   गृह मंत्री अमित शाह आज जम्मू-कश्मीर में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे     |   पीएम मोदी आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण का जवाब दे सकते हैं     |  

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अमूल्य रतन ने वायरल वीडियो पर दी सफाई, मांगी माफी

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अमूल्य रतन हाल ही में एक वायरल वीडियो को लेकर विवादों में घिरी हुई है। यह वीडियो एक पब्लिक शूट के दौरान बनाया गया था, जिसे लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर काफी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। इस वीडियो ने इन्फ्लुएंसर के व्यवहार, सार्वजनिक जगहों के इस्तेमाल और सिविक सेंस को लेकर बहस छेड़ दी।

वायरल वीडियो में अमूल्य सड़क पर खड़े होकर अपना “फिट चेक” वीडियो बना रही थीं। वीडियो बनाते समय वह पीछे की ओर चल रही थीं, तभी एक राहगीर कुछ सेकंड के लिए कैमरे के सामने आ गया। इस पर अमूल्य नाराज हो गईं और उन्होंने उस व्यक्ति के सिविक सेंस पर सवाल उठाते हुए कड़ी बातें कही, जो लोगों को पसंद नहीं आईं।

वीडियो वायरल होते ही कई यूज़र्स ने अमूल्य पर यह कहते हुए निशाना साधा कि सार्वजनिक सड़कें सभी के लिए होती हैं और वहां इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है। इसके बाद कई लोगों ने इसी तरह के वीडियो बनाकर उनका मज़ाक उड़ाया। सोशल मीडिया पर्सनैलिटी ऑरी (Orry) भी इस ट्रेंड में शामिल हो गए।

विवाद बढ़ने के बाद अमूल्य रतन ने इंस्टाग्राम पर आकर अपनी बात रखी और माफी मांगी। उन्होंने बताया कि उस दिन वह सिर्फ एक साधारण आउटफिट चेक वीडियो बना रही थीं और उन्हें पता था कि वह पब्लिक जगह पर हैं। इसलिए उन्होंने कई बार अपनी जगह बदली ताकि किसी को परेशानी न हो।

अमूल्य ने यह भी कहा कि शूट से पहले कुछ लोग उनके पीछे खड़े होकर उन्हें घूर रहे थे, जिससे वह असहज महसूस करने लगी थीं और इसी वजह से वह बार-बार जगह बदल रही थीं। उन्होंने साफ किया कि वायरल हुआ वीडियो बड़े दर्शकों के लिए नहीं था। यह वीडियो उन्होंने स्नैपचैट स्टोरी पर डाला था, जो 24 घंटे में अपने आप हट जाती है, और उन्होंने उसे कुछ समय बाद खुद ही डिलीट भी कर दिया था।

अमूल्य ने माना कि उस समय उनकी प्रतिक्रिया बेहतर हो सकती थी। उन्होंने कहा कि उनके शब्दों का चुनाव गलत था और उन्होंने इससे सीख ली है। साथ ही, उन्होंने उन सभी लोगों से माफी मांगी, जिन्हें इस वीडियो से ठेस पहुंची। हालांकि, अमूल्य ने वीडियो के बाद उन्हें मिल रही गालियों और धमकियों की कड़ी निंदा भी की। उन्होंने अपमानजनक मैसेज के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए कहा कि सिर्फ एक वीडियो की वजह से उन्हें धमकियां और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। जहां कुछ लोगों ने उनकी माफी को सराहा और उनका समर्थन किया, वहीं कई यूज़र्स अब भी उनकी आलोचना कर रहे हैं और उनका मज़ाक उड़ा रहे हैं।