Breaking News

IMD ने जारी किया रेड अलर्ट, पूर्वोत्तर से बिहार तक भारी बारिश के आसार     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर RSS ने जताया दुख, कहा- भविष्य में न हो ऐसा, SIT जांच पर भरोसा     |   वॉशिंगटन जाएंगे इराकी प्रधानमंत्री, तेल-गैस पर बड़े डील की उम्मीद     |   US एयरस्ट्राइक में ईरानी नेवी अफसर की मौत, 4 दिन में 19 सैन्यकर्मियों के मारे जाने का दावा     |   ईरान जंग में ट्रंप के बड़े सपोर्टर लिंडसे ग्राहम का 71 साल की उम्र में निधन     |  

सिंगर जैस्मीन सैंडलस ने की सगाई, दिल्ली कॉन्सर्ट में मंगेतर के साथ स्टेज पर किया डांस

पंजाबी सिंगर जैस्मिन सैंडलस ने अपने बहुप्रतीक्षित 'द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर' के पहले कॉन्सर्ट के दौरान फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया। नई दिल्ली में आयोजित शो के दौरान उन्होंने अपनी सगाई का ऐलान किया। कॉन्सर्ट के बीच जैस्मिन ने अपने मंगेतर शेखर चौधरी को स्टेज पर बुलाया और फैंस के साथ अपनी खुशखबरी साझा की। इस दौरान उन्होंने अपनी एंगेजमेंट रिंग भी फ्लॉन्ट की। दोनों ने दर्शकों की तालियों और उत्साह के बीच रोमांटिक पल साझा किया और जैस्मिन के लोकप्रिय गाने 'लावां' पर साथ में डांस भी किया।

दिल्ली में आयोजित यह कॉन्सर्ट उनके इंडिया टूर की शानदार शुरुआत रहा। जैस्मिन ने अपने हिट पंजाबी गानों 'लावां', 'पंजेबा', 'सिप सिप', 'शरारत', 'जाइए सजना', 'धुरंधर' के टाइटल ट्रैक, 'तरस', 'इल्लीगल वेपन' और 'यार ना मिले' जैसे कई लोकप्रिय गानों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।कॉन्सर्ट के दौरान जैस्मिन ने अपने फैंस से खुलकर बातचीत भी की। उन्होंने पूरे देश में होने वाले अपने टूर को लेकर उत्साह जताया और फैंस द्वारा लाए गए उपहारों के लिए उनका धन्यवाद भी किया।

इस खास मौके पर जैस्मिन सुनहरे रंग के खूबसूरत कढ़ाईदार लहंगे और हैवी ज्वेलरी में नजर आईं, जिसने उनके लुक को और आकर्षक बना दिया। टीम इनोवेशन द्वारा प्रस्तुत 'द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर' का पहला कॉन्सर्ट नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित हुआ। अब जैस्मिन सैंडलस अपने अगले कॉन्सर्ट मुंबई, बेंगलुरु और चंडीगढ़ में करेंगी।