Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

शेयर बाजार में लगातार छठे दिन तेजी, सेंसेक्स 187 अंक और चढ़ा

स्थानीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला मंगलवार को लगातार छठे कारोबारी सत्र में जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 187 अंक और चढ़ गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह और बैंक शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी आई। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 187.09 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 79,595.59 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 415.8 अंक तक चढ़ गया था। 

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 41.70 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,167.25 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, इटर्नल, कोटक महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहे। 

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, इन्फोसिस और बजाज फिनसर्व शामिल हैं। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,970.17 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। 

एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख था। अमेरिकी बाजारों में सोमवार को गिरावट रही। 

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.61 प्रतिशत बढ़त के साथ 67.33 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। बीएसई सेंसेक्स में सोमवार को 855.30 अंक की तेजी रही थी जबकि एनएसई निफ्टी 273.90 अंक के लाभ में रहा था।