Breaking News

खड़गे को नरवणे की बुक से कोट की इजाजत नहीं मिलने पर विपक्ष का राज्यसभा से वॉकआउट     |   गुजरात HC ने 45000 वर्ग मीटर जमीन आसाराम से वापस लेने की राज्य सरकार को मंजूरी दी     |   लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित     |   कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बोले- पहले राहुल जी को सुनें, उसके बाद ही प्रधानमंत्री को बोलने देंगे     |   बेंगलुरु मेट्रो में किराए को लेकर हुई बढ़ोतरी 9 फरवरी से लागू होगी     |  

शेयर बाजार में गिरावट जारी, सेंसेक्स मामूली नुकसान के साथ बंद

Stock Market: इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी मंगलवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुए, जिससे लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में भी गिरावट जारी रही। साल खत्म होने से पहले हल्के कारोबार के बीच बाजार दबाव में रहे। विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार पूंजी निकासी और वैश्विक शेयर बाजारों में नरम रुख ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 20 अंक लुढ़ककर 84,675 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी तीन अंक गिरकर 25,938 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में इटरनल लिमिटेड, इंडिगो, इंफोसिस, एशियन पेंट्स और अल्ट्रा टेक सीमेंट सबसे ज्यादा लुढ़के। जबकि टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शेयर सबसे ज्यादा चढ़े।

क्षेत्रीय मोर्चे पर आईटी, रियलिटी, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, हेल्थकेयर और एफएमसीजी शेयरों ने बाजार को नीचे खींचा। जबकि मेटल्स, ऑटो और पब्लिक सेक्टर बैंकिंग शेयरों ने बाजार को ऊपर ले जाने में मदद की। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, सियोल का कोस्पी और चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरावट के साथ जबकि हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुआ।

यूरोपीय बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं वॉल स्ट्रीट सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशक सोमवार को शुद्ध विक्रेता बने रहे क्योंकि उन्होंने लगभग 2,760 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।