Breaking News

असम: बाल विवाह के खिलाफ एक नवंबर से 30 दिन का स्पेशल क्रैकडाउन     |   ‘वंदे मातरम्’ पर सोनिया गांधी से BJP का सवाल- इतनी नफरत क्यों?     |   गुजरात: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएम भूपेंद्र पटेल ने किए 3 बड़े ऐलान     |   सही दिशा नहीं मिली तो बोझ बन जाएंगे युवा: मोहन भागवत     |   ग्रामीण स्कूलों के सोशल ऑडिट की आज से देशव्यापी शुरुआत     |  

राजस्थान में दो भीषण सड़क हादसों में सात लोगों की मौत, 10 अन्य घायल

राजस्थान के नागौर जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय -जोधपुर के तीन विद्यार्थियों समेत सात लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, सुरपालिया थाना क्षेत्र में लालदासजी महाराज धाम के पास छात्रों को लेकर जा रही एक स्लीपर बस और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार तीन विद्यार्थियों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस पलट गई। 

जायल के क्षेत्राधिकारी खेमाराम ने बताया कि छात्र पंजाब के पटियाला से लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि घायल छात्रों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जिनमें से चार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि कई अन्य छात्रों को भी मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया। 

मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी आरुषि गुप्ता, चेन्नई निवासी हर्षित वशिष्ठ और कोलकाता निवासी आरव मिड्ढा के रूप में हुई है। खेमाराम ने बताया कि बस जोधपुर जा रही थी और सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब यह दुर्घटना हुई, तब कई छात्र इसमें सो रहे थे। एक घायल छात्र ने संवाददाताओं को बताया कि छात्रों का समूह पटियाला में एक खेल कार्यक्रम में भाग लेने गया था। वहीं, सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाराणी के पास एक अन्य दुर्घटना हुई। 

पुलिस के मुताबिक, एक कार के पलटने से चार रिश्तेदारों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। सदर के थानाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान रेवंतराम, सुशील, महेंद्र और मेहराराम के रूप में हुई है।