Breaking News

लोकसभा: 8 विपक्षी सांसदों का सस्पेंशन वापस     |   काबुल अस्पताल पर पाकिस्तान के हमले की भारत ने निंदा की     |   दक्षिणी लेबनान के देबाल में इजरायल ने किया हवाई हमला     |   BJP कोर ग्रुप की बैठक आज, विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर होगी चर्चा     |   ईरान का बड़ा दावा: बहरीन और UAE में अमेरिकी ठिकानों पर हमले     |  

लोकसभा से निलंबित 8 विपक्षी सांसदों की बहाली संभव, सदन की मर्यादा बनाए रखने पर बनी सहमति

संसद के बजट सत्र के पहले चरण में सदन की अवमानना को लेकर लोकसभा से निलंबित किए गए आठ विपक्षी सदस्यों का निलंबन मंगलवार को वापस लिया जा सकता है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को सभी दलों के नेताओं की एक बैठक बुलाई, जिसमें आठ विपक्षी सदस्यों का निलंबन वापस लेने पर सहमति बनी। बैठक में यह भी सहमति बनी कि संसद की गरिमा और स्थापित परंपराओं का सभी के द्वारा पालन किया जाएगा। सूत्रों ने बताया, ‘‘यह भी निर्णय लिया कि कोई भी सदस्य सत्तापक्ष की तरफ या दूसरी तरफ नहीं जाएगा, कागज फाड़कर आसन की ओर नहीं फेंकेगा और अधिकारियों की मेज पर नहीं चढ़ेगा। इसके अलावा, सभी सदस्य सदन की मर्यादा का पालन करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि ऐसी घटनाएं भविष्य में दोबारा न हों।’’

इस बीच, लोकसभा सचिवालय ने सांसदों को संसद परिसर में मर्यादा बनाए रखने के संबंध में एक बुलेटिन जारी किया। इसमें दिशानिर्देश 124ए(2)(3) का हवाला दिया गया है, जो संसद परिसर के क्षेत्र और मार्ग को सांसदों के लिए खुला और निर्बाध बनाए रखने के लिए कुछ गतिविधियों पर रोक लगाता है। बुलेटिन में विशेष रूप से कहा गया है कि परिसर में हथियार, झंडे, पोस्टर, लाठी, भाला, तलवार, डंडे और ईंट आदि ले जाना निषिद्ध है। सांसदों को बार-बार निर्देश दिया गया है कि वे पोस्टर, तख्तियां या बैनर न लाएं और न ही उन्हें प्रदर्शित करें।

इसके अलावा, बुलेटिन में कहा गया है कि कुछ मामलों में पोस्टर और तख्तियों पर एआई-जनित आपत्तिजनक चित्र, तस्वीरें और नारे प्रदर्शित किए गए हैं। सांसदों को एक बार फिर निर्देश दिया गया है कि वे दिशानिर्देश 124ए(2)(3) और अन्य प्रासंगिक नियमों का कड़ाई से पालन करें ताकि अनुशासनात्मक कार्रवाई से बच सकें।

कांग्रेस ने सोमवार को आठ विपक्षी सांसदों के निलंबन का विषय लोकसभा में उठाया और अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया कि इन सभी का निलंबन रद्द किया जाए। विपक्षी दलों ने पिछले सप्ताह भी सरकार और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया था कि आठ विपक्षी सांसदों का निलंबन रद्द किया जाए।

बजट सत्र के पहले चरण के दौरान तीन फरवरी को आसन की ओर कागज फेंकने के बाद, सदन की अवमानना के मामले में विपक्ष के आठ सांसदों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया था। निलंबित सांसदों में कांग्रेस के मणिकम टैगोर, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एस. वेंकटेशन शामिल हैं। निलंबन के बाद से ये सांसद कार्यवाही वाले दिन संसद के मकर द्वार पर धरना दे रहे हैं।