Breaking News

कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने पद से दिया इस्तीफा     |   यूपी सरकार का फैसला, NCR के जिलों में 1 अक्टूबर से बिना PUC नहीं मिलेगा ईंधन     |   बंगाल: अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची ED की टीम     |   ममता बनर्जी को झटका, बंगाल में ऋतब्रत होंगे विपक्ष के नेता     |   हर अच्छे काम में अड़ंगा लगाना समाजवादी पार्टी की पुरानी आदत: ओपी राजभर     |  

'रामायण' टीजर रिलीज, भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर का अवतार आया सामने

कई महीनों के इंतजार के बाद आखिरकार फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर का भगवान राम के रूप में पहला लुक सामने आ गया है। मेकर्स ने गुरुवार को ‘रामायण: द इंट्रोडक्शन’ का टीजर जारी किया, जिसमें रणबीर को मर्यादा पुरुषोत्तम राम के रूप में पेश किया गया है। टीजर में भगवान राम की यात्रा और उनके जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं की झलक दिखाई गई है। वीडियो में भव्य विजुअल्स और बड़े स्तर की प्रस्तुति देखने को मिलती है। साई पल्लवी, रवि दुबे और रावण के राज्य की भी कुछ झलकियां नजर आती हैं, लेकिन मुख्य फोकस राम के किरदार पर है।

टीजर सामने आते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर अपनी उत्सुकता जाहिर की। किसी ने इसे “गूसबंप्स देने वाला” बताया तो किसी ने “आउट ऑफ द वर्ल्ड” कहा। रणबीर कपूर ने अपने किरदार को लेकर कहा कि वह राम का प्रतिनिधित्व करने नहीं, बल्कि उनसे सीखने आए हैं। उन्होंने कहा कि राम की सादगी और पवित्रता को समझना उनके लिए एक विनम्र अनुभव रहा है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है। यह दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म में साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। संगीत हंस जिमर और ए. आर. रहमान ने दिया है। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगा।