प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एसएस राजामौली अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ के साथ एक बड़ा सिनेमाई कदम उठाने जा रहे हैं, जो अगले साल रिलीज होने के लिए तैयार है। इस फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनस और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर पहले से ही फैंस और इंडस्ट्री में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। इस उत्साह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाते हुए ‘वाराणसी’ को Comic Con Experience Mexico 2026 में प्रस्तुत किया जाएगा। 24 अप्रैल को थंडर स्टेज पर एक विशेष पैनल के जरिए फिल्म की झलक दिखाई जाएगी, जो इसे वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
फिल्म के निर्माता एसएस कार्तिकेय “Varanasi to the World” नामक एक खास सेगमेंट पेश करेंगे, जिसमें दर्शकों को फिल्म की खास झलक देखने को मिलेगी। इस दौरान एसएस राजामौली का एक विशेष वीडियो संदेश भी दिखाया जाएगा, साथ ही कुछ अनदेखे बिहाइंड-द-सीन फुटेज भी साझा किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में लाइव इंटरैक्शन होगा, जहां फैंस को फिल्म से जुड़ी जानकारी सीधे जानने का मौका मिलेगा।
गौरतलब है कि ‘वाराणसी’ की पहली झलक यूरोप के सबसे बड़े स्क्रीन Le Grand Rex में ट्रेलर फेस्टिवल के दौरान दिखाई गई थी, जहां इसे दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। फिल्म के किरदारों की झलक भी पहले ही सामने आ चुकी है—महेश बाबू ‘रुद्र’ के दमदार किरदार में, पृथ्वीराज सुकुमारन ‘कुंभ’ के रूप में और प्रियंका चोपड़ा ‘मंदाकिनी’ के प्रभावशाली अवतार में नजर आएंगे, जिसने सोशल मीडिया पर काफी हलचल मचा दी है। पिछले साल राजामौली ने फिल्म के टाइटल की घोषणा की थी और महेश बाबू के किरदार को भी पेश किया था, जिसमें वे त्रिशूल हाथ में लिए बैल पर सवार दिखाई दिए थे। यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।