Breaking News

हिजबुल्लाह ने अब तक पांच बार सीजफायर का उल्लंघन किया: इजरायली विदेश मंत्रालय     |   वेस्ट एशिया संघर्ष से सप्लाई चेन का बाधित होना इकोनॉमी के लिए चुनौती: RBI     |   ‘पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बंपर वोटिंग, हमारी जीत का संकेत’, बोलीं CM ममता     |   शाम 5 बजे तक पश्चिम बंगाल में 89.93 फीसदी, तमिलनाडु में 82.24 प्रतिशत वोटिंग     |   WB चुनाव: दुबराजपुर सीट के बूथ नंबर 65 पर मतदाताओं ने CRPF जवानों पर पत्थरबाजी की     |  

राहुल गांधी आज भोपाल से करेंगे कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की शुरुआत

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगे। यह अभियान पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। गुजरात के बाद अब इसे मध्य प्रदेश में लागू किया जा रहा है, जहां राहुल गांधी भोपाल में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा करेंगे। प्रदेश में भेजे गए 61 AICC पर्यवेक्षक जिला इकाइयों को पुनर्गठित करने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। हर जिले के लिए एक प्रमुख पर्यवेक्षक के साथ चार सह-पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। ये टीमें समर्पित कार्यकर्ताओं की पहचान करेंगी और जिला अध्यक्षों के लिए नामों की अनुशंसा करेंगी।

राहुल गांधी स्वयं इन पर्यवेक्षकों को दिशा-निर्देश देंगे और जिलों का आवंटन करेंगे। उनके तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 10:20 बजे भोपाल पहुंचेंगे। इसके बाद वे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विभिन्न बैठकों में हिस्सा लेंगे। सुबह 11 से 12 बजे  राजनैतिक मामलों की समिति की बैठक होगी। इस बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं द्वारा राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी और आगामी रणनीतियों पर विचार-विमर्श होगा।   

दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक का समय राहुल गांधी का सांसदों एवं विधायकों के साथ संवाद के लिए तय है। इस सत्र में सांसदों और विधायकों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। दोपहर 12:30 से 01:30 बजे तक आ.भा.कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं नव सृजित प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रभारियों की बैठक होगी। यह बैठक संगठन के पुनर्गठन और प्रभावी नेतृत्व नियुक्ति पर केंद्रित होगी। दोपहर 1:30 से  2:30 बजे: विशेष परामर्श और अनौपचारिक चर्चा के लिए रखा गया है ।

दोपहर  2:30 से 4  बजे से आ भा.कांग्रेस कमेटी प्रतिनिधि, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्षों का अधिवेशन होगा। इस अभियान के साथ कांग्रेस उन नेताओं और कार्यकर्ताओं की पहचान कर रही है जो भीतरघात कर संगठन को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता उमंग सिंघार ने कहा है कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर पार्टी से बाहर किया जाएगा। इसके बजाय पार्टी समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में स्थान देगी।