Breaking News

छत्तीसगढ़ के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, 10वीं-12वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी     |   पश्चिम बंगाल में दोपहर 3 बजे तक 78.68% वोटिंग     |   बंगाल में IMD का आंधी-तूफान का अलर्ट     |   सलीम डोला को लेकर दिल्ली से मुंबई लेकर जाएगी NCB की टीम     |   बंगाल चुनाव: भवानीपुर में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी की TMC वर्कर्स से झड़प     |  

Kolkata: स्टूडेंट्स मार्च पर पुलिसिया एक्शन को लेकर नाराज प्रदर्शनकारी, ममता सरकार पर निशाना साधा

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रदर्शनकारियों ने सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या के खिलाफ "शांतिपूर्ण" आंदोलन पर पानी की बौछार और आंसू गैस के इस्तेमाल को लेकर ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी सरकार की जमकर आलोचना की। प्रदर्शनकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पद से हटाने की मांग को लेकर राज्य सचिवालय पर धरना देने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि जब आंदोलनकारियों ने कुछ जगहों पर पुलिस बैरिकेड तोड़ दिया  और सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने लगे तो उन्हें प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।

लाठीचार्ज के एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "शांतिप्रिय प्रोटेस्ट चल रहा है लेकिन यहां पर टीयर गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं और लाठीचार्ज किया जा रहा है। सब लोग बड़ा बाजार में सब व्यवसायी लोग हैं, सब लोग शांतिप्रिय हैं लेकिन पर क्यों टीयर गैस छोड़े जा रहे हैं, पता नहीं क्यों पत्थरबाजी हो रही है, देख लीजिए यहां पर सबके हाथ देख लीजिए, सब लोग शांतिप्रिय हैं। सब लोग शांति से प्रोटेस्ट कर रहे हैं पता नहीं क्यों ये लोग मारामारी कर रहे हैं, टीयर गैसे के गोले दे रहे हैं, पता नहीं।”

वहीं दूसरे प्रदर्शनकारी ने कहा, "बहुत ही गलत कर रहा है। भारत वर्ष में ऐसा कभी नहीं हो रहा है। जैसा हमारे बंगाल में हो रहा है। हम लोग देख रहा है, जैसे गुजरात में, महाराष्ट्र जिधर भी देख रहा है। हमारे यहां जैसा गंदा राजनीति नहीं हो रहा है। हमारा बंगाल में ऐसा क्यों होता है? इसके के लिए जनगण अभी रास्ते में उतर गया है, इसका कुछ करना पड़ेगा, ऐसा नहीं चलेगा।”

मामले में विवाद तब बढ़ गया, जब छात्र संगठन, 'पश्चिम बंग छात्र समाज' और असंतुष्ट राज्य सरकार कर्मचारियों के मंच 'संग्रामी जौथा मंच' ने अपनी मांगों को लेकर 'नबन्ना अभिजन' रैली शुरू की। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि पुलिस ने 'नबन्ना अभिजन' रैली में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों का "क्रूर दमन" किया है। उन्होंने कहा कि अगर राज्य प्रशासन ने "क्रूरता" नहीं रोकी तो पश्चिम बंगाल को ठप कर दिया जाएगा।

वहीं बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने मंगलवार को कोलकाता में ट्रेनी महिला डॉक्टर के रेप और हत्या के खिलाफ आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों पर की गई पुलिस की सख्ती पर कहा, "दीदी के पश्चिम बंगाल में बलात्कारियों और अपराधियों की मदद करना ज्यादा जरूरी है।"