Breaking News

गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट का इंजन फेल     |   SCO समिट में 30 से ज्यादा अहम दस्तावेजों पर मुहर, AI से ऊर्जा सुरक्षा तक कई समझौते     |   राम मंदिर के पहले CEO के चयन की प्रक्रिया तेज, 3 सदस्यीय कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट     |   संभल शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद पर SC में सुनवाई टली, अब 8 सितंबर को होगी सुनवाई     |   BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |  

झारखंड के धनबाद में प्रिंस खान गिरोह का ‘शूटर’ पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल

झारखंड के धनबाद जिले में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में प्रिंस खान गिरोह का एक कथित शूटर घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ मंगलवार सुबह साढ़े चार से पांच बजे के बीच तेतुलमारी थाना क्षेत्र के राजगंज-तेतुलमारी मार्ग पर तिलाटांड़ पहाड़ी के पास हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान जमशेदपुर के वांछित अपराधी भानु माझी के रूप में हुई है। तेतुलमारी थाने के प्रभारी विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि माझी के बाएं पैर में गोली लगी है और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

माझी मंगलवार तड़के बाइक पर सवार होकर राजगंज की ओर आ रहा था। चौधरी ने कहा, "पुलिस ने उसे एक जांच चौकी पर रुकने के लिए कहा, लेकिन माझी ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें माझी घायल हो गया।" माझी के पास से नौ एमएम की पिस्तौल और बाइक जब्त की गई है। सोमवार को धनबाद पुलिस ने जमशेदपुर के माझी गिरोह के चार सदस्यों समेत 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया था।

उनके पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, बाइक और नकदी बरामद की गई। अधिकारी ने बताया कि उन्हें भानु माझी के धनबाद में छिपे होने की सूचना मिली थी। धनबाद पुलिस ने फिलहाल दुबई में रह रहे धनबाद के गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटर के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। खान ने हाल ही में धनबाद, जमशेदपुर और रांची के उद्योगपतियों और चिकित्सकों से रंगदारी मांगी थी।