Breaking News

छत्तीसगढ़ के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, 10वीं-12वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी     |   पश्चिम बंगाल में दोपहर 3 बजे तक 78.68% वोटिंग     |   बंगाल में IMD का आंधी-तूफान का अलर्ट     |   सलीम डोला को लेकर दिल्ली से मुंबई लेकर जाएगी NCB की टीम     |   बंगाल चुनाव: भवानीपुर में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी की TMC वर्कर्स से झड़प     |  

केरल के मुख्यमंत्री के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने किया बल प्रयोग

केरल के टॉप आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ सत्तारूढ़ एलडीएफ के विधायक पी. वी. अनवर के आरोपों पर मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस की युवा शाखा का सचिवालय तक विरोध मार्च उस समय हिंसक हो गया जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पानी की धारा छोड़ी और लाठीचार्ज किया। टीवी चैनलों पर दिखाए गए दृश्यों के अनुसार, युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अबिन वर्की को पुलिस कर्मियों ने घेर लिया और बेरहमी से पीटा, जिससे उनके सिर पर चोटें आईं।

पिटाई के कारण वर्की के सिर से खून बहने लगा लेकिन उन्होंने प्रदर्शन स्थल से अस्पताल जाने से इनकार कर दिया और कुछ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस कार्रवाई में कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जख्मी हो गए। वर्की ने जहां प्रदर्शन स्थल से हटने से इनकार कर दिया, वहीं युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राहुल ममकूटथिल को बलपूर्वक वहां से हटा दिया गया और उन्हें पुलिस बस में डालकर ले जाया गया।

इससे पहले युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने वामपंथी सरकार, विजयन, उनके राजनैतिक सचिव पी. शशि और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) एम. आर. अजितकुमार के खिलाफ नारे लगाए। ममकूटथिल ने आरोप लगाया कि विजयन, शशि और एडीजीपी ने सचिवालय को अंडरवर्ल्ड का अड्डा बना दिया है।

युवा कांग्रेस ने बुधवार को केरल के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन किया था और शशि और राज्य के कुछ सीनियर आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ अनवर की ओर से लगाए गए आरोपों के संबंध में मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की थी।

नीलांबुर से विधायक अनवर ने रविवार को विजयन के राजनैतिक सचिव पी. शशि और एडीजीपी (कानून-व्यवस्था) अजित कुमार पर विश्वासघात और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने में विफल रहने का आरोप लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुमार मंत्रियों की फोन पर बातचीत टैप करते हैं, सोने की तस्करी करने वाले गिरोहों से उनके संबंध हैं और वे गंभीर अपराधों में शामिल हैं।