Breaking News

असम: बाल विवाह के खिलाफ एक नवंबर से 30 दिन का स्पेशल क्रैकडाउन     |   ‘वंदे मातरम्’ पर सोनिया गांधी से BJP का सवाल- इतनी नफरत क्यों?     |   गुजरात: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएम भूपेंद्र पटेल ने किए 3 बड़े ऐलान     |   सही दिशा नहीं मिली तो बोझ बन जाएंगे युवा: मोहन भागवत     |   ग्रामीण स्कूलों के सोशल ऑडिट की आज से देशव्यापी शुरुआत     |  

पहलगाम आतंकी हमले से दहल गया पूरा देश, हर कोने से उठी सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों की गोली का शिकार बने भारत भूषण की सास ने आपबीती बताई। बेंगलुरू के टेक्निकल एक्सपर्ट भारत भूषण उन 26 लोगों में शामिल थे, जिनकी जान पहलगाम आतंकी हमले में चली गई। कर्नाटक के मंजूनाथ राव भी पहलगाम में आतंकियों की गोली का शिकार बन गए। मंजूनाथ अपनी पत्नी पल्लवी और बेटे अभिजय के साथ घूमने गए थे। मंजूनाथ की हत्या से पूरा परिवार काफी सदमे में है।

कर्नाटक के मंत्री मधु बंगरप्पा ने मंजूनाथ राव के आवास पर जाकर संवेदना जताई और कहा कि राज्य सरकार ने पर्यटकों की सहायता के लिए दो टीम भेज दी हैं। मंत्री संतोष लाड भी टीम के साथ जम्मू कश्मीर गए हैं। विशाखापत्तनम के सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी जेएस चंद्र मौली भी पहलगाम में हुए आतंकवादियों का शिकार बन गए। मूल रूप से श्रीकाकुलम के रहने वाले मौली विशाखापत्तनम में रहते थे उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। जो अमेरिका में रहती हैं। मौली के पड़ोसियों ने बताया कि वे बहुत ही दयालु और सज्जन व्यक्ति थे।

जयपुर में नीरज उधवानी के घर पर भी मातम पसरा हुआ है। नीरज दुबई में चार्टर्ड अकाउंटेंट थे। पत्नी के साथ जम्मू कश्मीर घूमने गए नीरज को आतंकियों ने मार डाला। नीरज के घरवालों ने आतंकियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है। पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए ठाणे के तीन निवासियों के दोस्त और करीबी सदमे में हैं। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली शहर के अलग-अलग इलाकों से आने वाले हेमंत जोशी, संजय लेले और अतुल मोने की आतंकियों ने हत्या कर दी।

जैसे ही आतंकी हमले में इन तीनों की मौत की खबर आई, डोंबिवली में गहरा शोक छा गया। अपनों को खोने से लोग बेहद दुखी नजर आए। कोलकाता के रहने वाले केंद्रीय कर्मचारी समीर गुहा उन तीन मृतकों में शामिल हैं जो पश्चिम बंगाल से थे। वे अपनी पत्नी और बेटी के साथ पहलगाम घूमने गए थे। जम्मू-कश्मीर सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 1 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।