भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जनवरी को वाराणसी के ‘डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम’ में 72वें नेशनल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे। यह टूर्नामेंट चार से 11 जनवरी तक खेला जाएगा, जिसमें पूरे देश से 1,000 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट में विभिन्न राज्यों और संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाली 58 टीमें खिताब जीतने की कोशिश करेगी। पीएम मोदी ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि हमारी सरकार खेलों और खिलाड़ियों को हर स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में कल दोपहर करीब 12 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन करने का सौभाग्य मिलेगा। 11 जनवरी तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कई राज्यों और संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाली 58 टीमों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ के सचिव सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पहली बार सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप हो रही है। इसमें 30 मेंस और 28 वुमेंस टीमें हिस्सा लेंगीं। जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने बताया कि रेलवे के अलावा सेना के तीनों अंगों को मिलाकर बनी टीम भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी। नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में देश भर के लगभग 1044 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे, जिसमें 540 पुरुष खिलाड़ी और 504 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।
बताया गया कि वाराणसी में 72वें नेशनल वॉलीबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी शहर के स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और खेल विकास को बढ़ावा देने की कोशिशों का नतीजा है। राष्ट्रीय स्तर के इस उद्घाटन समारोह में सभी खेलों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ ही पद्मश्री सम्मान से सम्मानित लोगों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति के अध्यक्ष और महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि काशी को ‘स्पोर्ट्स टूरिज्म हब’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि काशी की यह मेजबानी आने वाले वर्षों में और बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का मार्ग प्रशस्त करेगी।