Breaking News

पश्चिम बंगाल: उत्तर हावड़ा में नारेबाजी पर बवाल, केंद्रीय बलों ने किया लाठीचार्ज     |   बंगाल के ठाकुरनगर में पीएम मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया     |   दिल्ली: द्वारका में पुलिसकर्मी पर फायरिंग का आरोप - एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल     |   ‘कला जगत को बड़ा नुकसान’, रघु राय के निधन पर ममता बनर्जी ने जताया दुख     |   'यह चुनाव भारत और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है', बंगाल में बोले केजरीवाल     |  

जम्मू कश्मीर में पीएम मोदी आज जेड-मोड़ सुरंग का करेंगे उद्घाटन

जम्मू कश्मीर के गांदेरबल जिले में सामरिक रूप से महत्वपूर्ण जेड-मोड़ सुरंग के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कश्मीर घाटी यात्रा से एक दिन पहले रविवार को सुरक्षाबलों ने सुरक्षा संबंधी चौकसी और क्षेत्र को अपने नियंत्रण में लेने की कवायद तेज कर दी। अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है और कई जिलों में महत्वपूर्ण चौराहों पर दर्जनों चौकियां स्थापित की गई हैं, ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि राष्ट्र-विरोधी तत्व खुलेआम घूम न सकें।

उन्होंने कहा कि लोगों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों सहित कई गाड़ियों की आकस्मिक जांच और तलाशी बढ़ा दी गई है और गश्त भी की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘जेड-मोड़ सुरंग के पास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एसपीजी कर्मियों वाली प्रधानमंत्री की सुरक्षा टीम ने कार्यक्रम स्थल पर मोर्चा संभाल लिया है।’’

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री गगनगीर में सुरंग के उद्घाटन के बाद एक रैली को संबोधित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ये स्थल अब आम जनता के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। जम्मू कश्मीर पुलिस, अर्धसैनिक बल और सेना सोमवार को होने वाले उद्घाटन के लिए सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा हैं। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए व्यापक क्षेत्र नियंत्रण अभ्यास, तलाशी और गश्त की जा रही है।

उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर ‘शार्प शूटर’ तैनात किए गए हैं, जबकि ड्रोन सहित हवाई और तकनीकी निगरानी भी की जा रही है। इलाके पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। पिछले साल 20 अक्टूबर को गगनगीर में सुरंग के पास आतंकवादी हमले में एक स्थानीय डॉक्टर समेत सात लोगों की मौत हो गई थी।

अधिकारियों ने खराब मौसम के कारण सड़क के बर्फ से पटे रहने की स्थिति से निपटने और सड़क रखरखाव एजेंसियों के रखरखाव कार्य को सुविधाजनक बनाने के लिए शनिवार से सोमवार तक श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया है।हालांकि, व्यापक रूप से ये माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री की यात्रा के लिए जम्मू कश्मीर और लद्दाख के बीच मुख्य सड़क संपर्क बंद कर दिया गया है।

श्रीनगर लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर 2,400 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ये 6.5 किलोमीटर लंबी जेड-मोड़ सुरंग पूरे साल सड़क मार्ग से लद्दाख आवागमन की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। इस परियोजना पर मई 2015 में काम शुरू हुआ था और पिछले साल ये पूरा हुआ। ये सुरंग लद्दाख में देश की रक्षा जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ये इस केंद्रशासित प्रदेश को देश के बाकी हिस्से से जोड़ती भी है।

जेड-मोड़ सुरंग 8,650 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और ये दो-लेन वाली सड़क सुरंग है। उसमें आपात स्थिति के लिए बचने के लिए समानांतर 7.5 मीटर चौड़ा रास्ता है। ये सुरंग गगनगीर और सोनमर्ग के बीच निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करती है और गर्मियों में लद्दाख की यात्रा को आसान बनाएगी।