Breaking News

गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट का इंजन फेल     |   SCO समिट में 30 से ज्यादा अहम दस्तावेजों पर मुहर, AI से ऊर्जा सुरक्षा तक कई समझौते     |   राम मंदिर के पहले CEO के चयन की प्रक्रिया तेज, 3 सदस्यीय कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट     |   संभल शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद पर SC में सुनवाई टली, अब 8 सितंबर को होगी सुनवाई     |   BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |  

PM मोदी पुट्टपर्थी में सत्य साईं बाबा के शताब्दी समारोह में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में दिवंगत आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा के शताब्दी समारोह में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ)के मुताबिक वह पुट्टपर्थी में सत्य साईं बाबा के आश्रम और ‘महासमाधि’ का भी दौरा करेंगे। पीएमओ की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी सत्य साईं बाबा के जीवन, शिक्षाओं और स्थायी विरासत को सम्मान देते हुए एक स्मारक सिक्का और डाक टिकटों की एक शृंखला जारी करेंगे।

वो कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। पीएमओ के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी वहां से तमिलनाडु के कोयम्बटूर जाएंगे, जहां वे दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। तमिलनाडु में कार्यक्रम के दौरान, वह देश भर के नौ करोड़ किसानों को सहायता प्रदान करने के लिए 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के पीएम-किसान योजना की 21वीं किस्त जारी करेंगे।

इस मौके पर प्रधानमंत्री उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। तमिलनाडु प्राकृतिक कृषि हितधारक मंच द्वारा 19-21 नवंबर तक दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। शिखर सम्मेलन का उद्देश्य सतत, पर्यावरण-अनुकूल और रसायन-मुक्त कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना तथा भारत के कृषि भविष्य के लिए व्यवहार्य, जलवायु-स्मार्ट और आर्थिक रूप से टिकाऊ मॉडल के रूप में प्राकृतिक और पुनर्योजी खेती की ओर बदलाव को गति देना है। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के 50,000 से अधिक किसान, प्राकृतिक कृषि व्यवसायी, वैज्ञानिक, जैविक इनपुट आपूर्तिकर्ता, विक्रेता और हितधारक हिस्सा लेंगे।