Breaking News

लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित     |   महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार कल दिल्ली में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से करेंगी मुलाकात     |   बंगाल SIR फाइनल ड्राफ्ट रोल 28 फरवरी को जारी किया जाएगा     |   एक्टर रणवीर सिंह को धमकी भरा मसेज, वाइस नोट भेज मांगे करोड़ों रुपये     |   चेन्नई पोर्ट के पास डीएमके कार्यकर्ताओं ने टीवीके कार्यकर्ताओं पर हमला किया     |  

PM मोदी ने नवी मुंबई में विभिन्न विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन

मुंबई के लोगों का लंबे समय से इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) के पहले फेज का भव्य उद्घाटन कर दिया। यह एयरपोर्ट न केवल मुंबई का दूसरा इंटरनेशनल गेटवे बनेगा, बल्कि पूरे भारत के एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर में एक नई उड़ान भरने वाला पड़ाव भी साबित होगा। यह अत्याधुनिक एयरपोर्ट आने वाले समय में मुंबई की भीड़भाड़ कम करेगा और यात्रियों को वर्ल्ड-क्लास सुविधाओं का एक्सपीरियंस देगा। इसी के साथ पीएम मोदी ने मुंबई मेट्रो लाइन-3 के अंतिम चरण को भी देश को समर्पित किया, जिससे मायानगरी में सफर अब पहले से कहीं ज्यादा तेज, आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब सपनों को सिद्ध करने का संकल्प हो, जब देशवासियों तक तेज विकास का लाभ पहुंचाने की इच्छा शक्ति हो तो नतीजे भी मिलते हैं। हमारी हवाई सेवा और इससे जुड़ी इंडस्ट्री इसका बहुत बड़ा प्रमाण है। आपको याद होगा, 2014 में जब देश ने मुझे अवसर दिया तो मैंने कहा था कि मेरा सपना है हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई सफर कर सके। इस सपने को पूरा करने के लिए बहुत जरूरी था कि देश में नए-नए एयरपोर्ट बनाए जाएं। हमारी सरकार ने इस मिशन पर गंभीरता से काम करना शुरू किया। बीते 11 साल में देश में एक के बाद एक एयरपोर्ट बनते चले गए। साल 2014 में हमारे देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, आज भारत में एयरपोर्ट की संख्या 160 को पार कर गई है।

ये एक ऐसा प्रोजेक्ट है जिसमें विकसित भारत की झलक है। इसका आकार कमल के फूल जैसा है। इस नए एयरपोर्ट के माध्यम से किसानों की पहुंच दुनिया के बाजारों तक संभव हो सकेगी। यहां निवेश बढ़ेगा। नए उद्यम लगेंगे।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मराठी में अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि मुबंई का लंबा इंतजार खत्म हुआ। मुंबई को दूसरा बड़ा एयरपोर्ट मिल गया। आज मुंबई को अंडरग्राउंड मेट्रो भी मिली। इससे सफर आसान होगा और लोगों का समय भी बचेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद Mumbai One ऐप का भी उद्घाटन किया। इस एक ऐप से ही यात्री मुंबई महानगर क्षेत्र में 11 सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों में अपनी पूरी यात्रा की योजना बना सकेंगे, बुकिंग कर सकेंगे और भुगतान कर सकेंगे।