Andhra Pradesh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को यहां 58,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिसमें ग्रीनफील्ड राजधानी अमरावती का निर्माण फिर से शुरू करना भी शामिल है और उन्होंने दक्षिणी राज्य के विकास के लिए पूरे सहयोग का भरोसा दिया। प्रधानमंत्री ने राजधानी शहर के संस्थानों, राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे उन्नयन और रक्षा संबंधी प्रतिष्ठानों सहित 94 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और उनके उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण सहित अन्य लोग मौजूद थे।
पीएम मोदी ने कहा, "आज यहां करीब 60,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। ये प्रोजक्ट सिर्फ़ कंक्रीट का निर्णाण नहीं हैं, ये आंध्र प्रदेश की आकांक्षाओं की, विकसित भारत की मज़बूत नींव भी है।" उन्होंने कहा, "हम सभी जानते हैं कि इंद्रलोक की राजधानी का नाम अमरावती था और अब अमरावती आंध्र प्रदेश की राजधानी है। ये सिर्फ संयोग नहीं है। ये स्वर्ण आंध्र के निर्माण का भी शुभ संकेत है। स्वर्ण आंध्र विकसित भारत की राह को मजबूत करेगा और अमरावती विजन को ऊर्जा देगी।" मुख्यमंत्री नायडू ने इसे "आंध्र प्रदेश के इतिहास में एक ऐतिहासिक दिन" बताया।
उन्होंने कहा, "ये आंध्र प्रदेश के इतिहास में ऐतिहासिक दिन है। आज हम अमरावती निर्माण कार्यों को फिर से शुरू कर रहे हैं। इससे पहले, नरेंद्र मोदी जी ने आधारशिला रखी थी। पांच साल के विनाशकारी शासन के बाद, हम एक बार फिर से काम शुरू कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी जी राजधानी के कामों का फिर से शुभारंभ कर रहे हैं ये हम सभी के लिए महान दिन है।" ये एक दशक के समय में अमरावती निर्माण कार्यों का दूसरा शुभारंभ होगा क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने 22 अक्टूबर, 2015 को एक बार पहले ही ऐसा किया था।
पहली नींव के बाद के चार वर्षों में पूर्ववर्ती टीडीपी शासन ने 2014 और 2019 के बीच, सचिवालय, उच्च न्यायालय भवन जैसी कुछ अस्थायी संरचनाओं को खड़ा करने में कामयाबी हासिल की और कुछ आधिकारिक आवासीय परियोजनाओं को आंशिक रूप से पूरा किया। हालांकि, 2019 और 2024 के बीच वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार ने नायडू के 'ड्रीम प्रोजेक्ट' को रद्द कर दिया, जिसके लिए टीडीपी सुप्रीमो ने 29,881 किसानों और अन्य स्रोतों से 54,000 एकड़ जमीन जुटाई थी।
कुल 8,603 वर्ग किलोमीटर को राजधानी क्षेत्र के रूप में अधिसूचित किया गया था, जिसमें 217 वर्ग किलोमीटर राजधानी शहर के लिए और 16.9 वर्ग किलोमीटर को मुख्य राजधानी क्षेत्र के रूप में नामित किया गया था। करीब एक साल पहले सत्ता में आने के बाद टीडीपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने परित्यक्त ग्रीनफील्ड राजधानी में नई जान फूंक दी। चौथी बार सीएम बनने के तुरंत बाद नायडू ने बिना समय गंवाए अमरावती परियोजना पर काम शुरू कर दिया।