Breaking News

अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो इंडिया ब्लॉक को 185 सीटें संभव: MOTN सर्वे     |   WB: TMC का पुलिस पर अभिषेक बनर्जी-डेरेक ओ'ब्रायन के साथ मारपीट का आरोप     |   47% लोगों ने कहा कि परिसीमन से जोड़े बिना महिला आरक्षण लागू हो: MOTN सर्वे     |   47% ने कहा राम मंदिर चढ़ावा चोरी का केंद्र-राज्य सरकारों पर नकारात्मक असर: MOTN     |   MOTN सर्वे में 70 फीसदी लोगों ने 'एक देश, एक चुनाव' का समर्थन किया     |  

तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जे. जयललिता की 78वीं जयंती पर PM और कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री दिवगंत जे जयललिता की 78वीं जयंती पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने जयललिता को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने एक प्रभावशाली नेता और उत्कृष्ट प्रशासक के रूप में असंख्य लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई।

मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “उनका जीवन अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प से परिपूर्ण था। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने महिला सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास पर विशेष ध्यान देते हुए कल्याणकारी शासन का नेतृत्व किया। वह करुणामयी और निर्णायक दोनों थीं।” केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर कहा कि गरीबों के कल्याण और महिला सशक्तीकरण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के माध्यम से उन्होंने तमिलनाडु के विकास को नया रूप दिया और ये सुनिश्चित किया कि शासन पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

शाह ने कहा, ‘‘जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदा प्रेरणादायक रहेगा।’’ ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) के महासचिव ई. के पलानीस्वामी ने कहा कि जयललिता एआईएडीएमके की पहचान और गरीबों की ‘‘आशा’’ हैं। उन्होंने कहा, “क्रांतिकारी नेता अम्मा (जयललिता) की हर योजना और हर निर्णय ने गरीबी उन्मूलन के लिए वैश्विक मानक स्थापित किए और गरीब व साधारण लोगों के जीवन को रोशन किया। वे कठिन समय में भी अटूट मानसिक शक्ति के साथ तमिलनाडु के लिए संघर्ष करती रहीं।” पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन और कई और नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।