मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में बुधवार को यूपी राइज युवा शक्ति थिंक टैंक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने अपने स्टार्टअप और नए आइडिया विशेषज्ञों व उद्यमियों के सामने प्रस्तुत किए। इस दौरान ऑर्गेनिक फार्मिंग से जुड़े स्टार्टअप 'फार्म टू फैमिली' को सर्वश्रेष्ठ नवाचार चुना गया। स्टार्टअप की संस्थापक शुभावरी चौहान को इसके लिए 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में कुल 12 युवाओं ने अपने स्टार्टअप और नवाचार की प्रस्तुति दी। वहीं सत्तू से प्राकृतिक प्रोटीन पाउडर बनाने वाले आशीष सिंह के स्टार्टअप 'प्योर पल्स न्यूट्रिशन' को रनरअप चुना गया।

कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करती विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वाई विमला
टैबलेट-स्मार्टफोन का नवाचार में इस्तेमाल करने की अपील
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर डॉ. अजय सिंह और विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वाई. विमला ने किया। कुलपति ने विद्यार्थियों से सरकार की ओर से दिए गए टैबलेट और स्मार्टफोन का इस्तेमाल नवाचार, रिसर्च और कौशल विकास के लिए करने की अपील की।

महापौर डॉ. अजय कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट करती कुलपति प्रो. वाई विमला
उन्होंने युवाओं से नए विचारों के साथ आगे बढ़ने, अपनी क्षमताओं को विकसित करने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। महापौर डॉ. अजय कुमार ने भी विद्यार्थियों और युवाओं को नवाचार व उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
12 युवाओं ने पेश किए अपने स्टार्टअप आइडिया
युवा शक्ति थिंक टैंक कार्यक्रम में शुभावरी चौहान, अक्षत शर्मा, नंदिनी, कृष्ण त्यागी, मरियम, सावन कुमार, आशीष सिंह, बुलबुल, विशाल गर्ग, प्रियांश कुमार शर्मा, जगत राम और काजल राठौर ने अपने-अपने नवाचारों पर प्रेजेंटेशन दिया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने सरकार की योजनाओं से मिली सहायता का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें अपने हुनर और आइडिया को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है।
ऑर्गेनिक फार्मिंग से जुड़ा है शुभावरी का स्टार्टअप
विश्वविद्यालय के इनक्यूबेशन सेंटर अंबिका एकेडमिक फाउंडेशन के सीईओ अभिनव पुंडीर ने बताया कि फार्म टू फैमिली को सर्वश्रेष्ठ नवाचार चुना गया। शुभावरी चौहान ने ऑर्गेनिक फार्मिंग के क्षेत्र में काम करते हुए शुभावरी ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड फर्म शुरू की।

उन्होंने अपने कृषि उत्पादों की लेबलिंग और पैकेजिंग पर काम करने के साथ ही उनकी बिक्री के लिए नोएडा में सप्लाई चेन भी तैयार की है। इसी नवाचार के लिए उन्हें 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
सत्तू से प्रोटीन पाउडर बनाने का आइडिया भी चर्चा में रहा
कार्यक्रम में प्योर पल्स न्यूट्रिशन स्टार्टअप के आशीष सिंह ने सत्तू से प्राकृतिक प्रोटीन पाउडर बनाने का आइडिया पेश किया। उनके स्टार्टअप को रनरअप चुना गया। सत्तू से तैयार किए गए प्राकृतिक पाउडर को कार्यक्रम में मौजूद लोगों की सराहना मिली। कार्यक्रम में कुलसचिव कमल कृष्ण, उपकुलसचिव अनूप कुमार, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. मितिका, डॉ. अपूर्वा, डॉ. संदीप कुमार और मानव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

यूपी राइज कार्यक्रम में उपस्थित युवा