Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

पंजाब में ‘एनालॉग पनीर’ पर एक साल का बैन, दिल्ली में 508 किलो नकली पनीर नष्ट

पंजाब सरकार ने लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए राज्य में एनालॉग पनीर के उत्पादन, बिक्री और भंडारण पर एक साल के लिए पूरी तरह रोक लगा दी है। एनालॉग पनीर दूध से नहीं बनाया जाता और इसे पनीर के विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। यह आदेश पंजाब के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के कमिश्नर कन्वलप्रीत बराड़ ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत जारी किया है। अब पंजाब में कोई भी खाद्य कारोबारी किसी भी नाम से एनालॉग पनीर बना, बेच या स्टोर नहीं कर सकेगा। सरकार ने इस आदेश को लागू कराने के लिए पूरे राज्य में विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है।

त्योहारों के सीजन को देखते हुए दिल्ली में भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। ओखला सब्जी मंडी में जांच के दौरान करीब 508 किलो नकली पनीर मिला, जिसे विभाग ने नष्ट कर दिया। इस मामले में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके अलावा दिल्ली के अलग-अलग जिलों से खाद्य पदार्थों के 22 सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान दूध से बने सामान, पनीर, मिठाई और खाने के तेल की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अभियान का मकसद सिर्फ मिलावट करने वालों पर कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि खाने-पीने की चीजों की सप्लाई पर लगातार नजर रखना भी है, ताकि लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाला खाना मिल सके।

दिल्ली सरकार ने साफ किया है कि नकली, मिलावटी या खराब खाद्य पदार्थ बनाने, रखने, बेचने या सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने भी लोगों से खाने-पीने की चीजें और दवाएं खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं है। इसमें ग्राहक, दुकानदार और संबंधित विभाग सभी की भूमिका है। मुंढे ने लोगों से सामान खरीदने से पहले उसमें इस्तेमाल सामग्री, बनाने की तारीख, एक्सपायरी डेट और ‘बेस्ट बिफोर’ डेट जरूर जांचने को कहा। उन्होंने कहा कि लोगों को कपड़े या दूसरी चीजें खरीदने की तरह ही खाने-पीने के सामान की गुणवत्ता को लेकर भी सावधान रहना चाहिए, क्योंकि मिलावटी या खराब खाना सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।