Breaking News

लैंड फॉर जॉब केस: सुप्रीम कोर्ट ने लालू यादव को ट्रायल कोर्ट के समक्ष पेश होने से छूट दी     |   तमिलनाडु: विरुधुनगर में सत्तूर के पास एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट     |   नोएडा: कर्मचारियों का प्रदर्शन हुआ तेज, पुलिस वाहन समेत अन्य वाहनों में की तोड़फोड़     |   दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल रैकेट का भंडाफोड़, 16 गिरफ्तार     |   वृंदावन: यमुना नदी में नाव पलटने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या 14 हुई     |  

नोएडा कर्मचारियों का प्रदर्शन हुआ तेज, पुलिस वाहन समेत अन्य वाहनों में की तोड़फोड़

नोएडा में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर मजदूरों का प्रदर्शन तेज हो गया है. सैकड़ों मजदूर सड़कों पर उतर आए हैं और गाडि़यों में तोड़फोड़ शुरू कर दी है. बड़ी संख्या में आज सुबह से एक बार फिर मजदूर प्रदर्शन कर रहे हैं. पुलिस मजदूरों को शांत करवाने में जुटी हुई है, लेकिन मजदूर उग्र होते नजर आ रहे हैं. नोएडा के फेज-2 इलाके में प्रदर्शनकारी मजदूर ज्‍यादा ही उग्र हो गए और उन्‍होंने एक पुलिस जीप में तोड़फोड़ की है. ऐसे में पुलिस ने हल्‍का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारी मजदूरों को तितर-बितर किया. 

नोएडा में मजदूरों के उग्र प्रदर्शन के कई वीडियो सामने आ रहे हैं. नोएडा फेस-2 के एक वीडियो में उग्र मजदूर पुलिस वेन में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं. मजदूरों ने पुलिस वेन को पलट दिया और उसमें आग लगा दी. मजदूर जमकर पथराव करते हुए भी नजर आ रहे हैं. बता दें कि वेतन बढ़ाए जाने की मांग को लेकर नोएडा में मजदूर पिछले कुछ दिनों से उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसे लेकर योगी प्रशासन भी अब अलर्ट हो गया है. 

यूपी के गौतम बुद्ध नगर में पिछले तीन दिनों से जारी श्रमिकों के उग्र आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गए हैं. जिलाधिकारी मेधा रूपम ने रविवार को उद्योगपतियों और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की, जबकि सोमवार को प्रस्तावित प्रदर्शनों के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित प्रदर्शन को देखते हुए सेक्टर, जोनल और 'स्टेटिक मजिस्ट्रेट' की तैनाती की गई है. कुछ संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष रूप से अधिकारियों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.