देहरादून के प्रेमनगर-नंदा की चौकी के पास नेशनल हाईवे पर बने करीब 16 करोड़ रुपये के पुल की एप्रोच रोड में बड़ा गड्ढा हो गया है। यह पुल करीब 16 दिन पहले ही लोगों के लिए खोला गया था। गड्ढा होने के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पुल सुरक्षित है। भारी बारिश के कारण पुल के पास बनी एप्रोच रोड के नीचे से मिट्टी बह गई, जिससे सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। संबंधित विभाग की टीम सड़क की मरम्मत में जुटी है और जल्द ही इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
देहरादून-पांवटा साहिब पुराने राजमार्ग पर नंदा की चौकी के पास टौंस नदी पर बने इस पुल का पिछले साल बारिश में नुकसान हो गया था। इसके बाद करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से पुल का दोबारा निर्माण कराया गया। करीब 16 दिन पहले ही इस पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई थी। अब एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने के बाद निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
इससे पहले 11 जुलाई की रात टौंस नदी के तेज बहाव में ह्यूम पाइप से बनी अस्थाई पुलिया भी बह गई थी। इसके बाद लोगों की परेशानी को देखते हुए PWD ने तेजी से काम पूरा कर 12 जुलाई से मुख्य पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी थी। प्रेमनगर कोतवाली पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह नंदा की चौकी के पास पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पुल पूरी तरह सुरक्षित मिला। पुलिस के अनुसार, भारी बारिश के कारण एप्रोच रोड के नीचे की मिट्टी बहने से सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। संबंधित विभाग सड़क को ठीक करने में जुटा है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त एप्रोच वॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को 3 घंटे के अंदर इसे ठीक करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पुल की एप्रोच रोड में गड्ढा हुआ है। PWD और CPWD के चीफ इंजीनियर मौके पर मौजूद हैं और मामले की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी विभागीय अधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने इसके बाद शहर के अन्य बारिश प्रभावित इलाकों का भी निरीक्षण किया। सोडा सरोली में बारिश से क्षतिग्रस्त PMGSY सड़क को जल्द खोलने के निर्देश दिए गए। वहीं, मलबा आने से बंद थानों मार्ग को भी यातायात के लिए खोल दिया गया है।