Breaking News

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशासन पर उठाए सवाल     |   कबिनी बांध से 12,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया     |   कर्नाटक: शिवमोगा में भूस्खलन से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत     |   कबिनी बांध से 12,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया     |   केरल: भारी बारिश के बीच मूझियार, कल्लारकुट्टी, एराट्टयार, लोअर पेरियार, पोरिंगलकुथु बांधों में रेड अलर्ट जारी     |  

फिल्म की कॉपी खोने पर Netflix पर 105 मिलियन डॉलर का मुकदमा, निकोलस केज की 'Fortitude' से जुड़ा मामला

स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर 105 मिलियन डॉलर (करीब 900 करोड़ रुपये) का मुकदमा किया गया है। यह मामला द्वितीय विश्व युद्ध पर बनी फिल्म 'Fortitude' की एक अनएन्क्रिप्टेड कॉपी खोने से जुड़ा है। फिल्म में निकोलस केज और बेन किंग्सले ने काम किया है। फिल्म के निर्माता और स्विस कारोबारी साइमन अफ्राम ने फिल्म की कहानी लिखी थी। उन्होंने फिल्म को बनाने में करीब 7 साल और 45 मिलियन डॉलर खर्च किए।

मुकदमे के अनुसार, जून में एक सहयोगी निर्माता ने फिल्म के अधिकार खरीदने के लिए नेटफ्लिक्स के मुख्यालय में फिल्म की डिजिटल कॉपी जमा की थी। जब निर्माता ने बाद में फिल्म की कॉपी वापस लेने की कोशिश की, तो नेटफ्लिक्स की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। बाद में कंपनी ने माना कि फिल्म की कॉपी चोरी हो गई है।

नेटफ्लिक्स के ओरिजिनल फिल्म विभाग के निदेशक सीन बर्नी ने कथित तौर पर बताया कि कंपनी के ऑफिस से कई ड्राइव चोरी हो गई थीं और सुरक्षा टीम ने मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। 'Fortitude' फिल्म पहले भी विवादों में रही है। साल 2023 में साइमन अफ्राम ने फिल्ममेकर मार्टिन स्कॉर्सेसी पर मुकदमा किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि स्कॉर्सेसी ने एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर बनने के लिए 5 लाख डॉलर लिए, लेकिन फिल्म को आगे बढ़ाने में कोई मदद नहीं की।

इसके बाद स्कॉर्सेसी के वकीलों ने भी अफ्राम पर मुकदमा किया और कहा कि वह फिल्म इंडस्ट्री में नए हैं और उनकी उम्मीदें वास्तविकता से परे हैं। दोनों पक्षों ने अगले साल अदालत के बाहर समझौता कर लिया था। वहीं, नेटफ्लिक्स ने एक बयान में कहा कि वह इस दावे को नहीं मानता कि बिना जरूरी सुरक्षा उपायों के जमा की गई फिल्म के नुकसान की जिम्मेदारी कंपनी की है।