Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

NEET UG 2026 पेपर लीक केस: पुणे में RCC कोचिंग सेंटर सील, मालिक शिवराज मोटेगांवकर CBI हिरासत में

पेपर लीक मामले में पुणे नगर निगम (PMC) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए RCC कोचिंग क्लासेस को सील कर दिया। यह कोचिंग संस्थान शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर का है, जिन्हें केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पिछले सप्ताह इस मामले में गिरफ्तार किया था। पुणे के डेक्कन स्थित RCC कोचिंग के शाखा कार्यालय पर नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की। इस दौरान अवैध रूप से लगाए गए टिन शेड हटाए गए और कार्यालय को सील कर दिया गया।

इससे पहले राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को शिवराज मोटेगांवकर को 9 दिनों की CBI हिरासत में भेज दिया था। CBI का आरोप है कि मोटेगांवकर NEET UG 2026 की केमिस्ट्री परीक्षा का पेपर परीक्षा से पहले लीक करने की साजिश में सक्रिय रूप से शामिल थे। वह महाराष्ट्र के लातूर में RCC इंस्टीट्यूट ऑफ कोचिंग संचालित करते हैं।

विशेष CBI जज अजय गुप्ता ने अपने आदेश में कहा कि मामले की जांच शुरुआती और महत्वपूर्ण चरण में है। अन्य आरोपियों की पहचान, डिजिटल सबूतों की जांच, कॉल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल के लिए आरोपी की हिरासत आवश्यक है। अदालत ने आदेश दिया कि मोटेगांवकर को 26 मई तक CBI हिरासत में रखा जाएगा।

CBI के अनुसार, मोटेगांवकर ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर छात्रों को लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया। एजेंसी प्रह्लाद कुलकर्णी के साथ उनके संबंधों की भी जांच कर रही है। गौरतलब है कि NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की गई थी। पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई। यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5,400 से अधिक केंद्रों पर आयोजित हुई थी, जिसमें 22 लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया था।