Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

GST में सुधार की पहल से बाजार में तेजी, सेंसेक्स 676 अंक और निफ्टी एक फीसदी चढ़ा

Mumbai: ऑटो और उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं के शेयरों में मजबूत खरीद की वजह से सोमवार को इक्विटी बेंचमार्क सूचकांकों में उछाल आया जिससे सेंसेक्स 676 अंक और निफ्टी करीब एक फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवाली तक जीएसटी में बड़े सुधारों के वादे ने भी बाजार में तेजी को बढ़ावा दिया

एसएंडपी के भारत की सॉवरेन क्रेडिट रेटिंग में सुधार किए जाने से निवेशकों में उत्साह और बढ़ा जिससे बाजारों में भारी खरीदारी हुई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 676 अंक उछलकर 81,273 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 245 अंक बढ़कर 24,876 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, अल्ट्रा टेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में सबसे ज्यादा जबकि आईटीसी, लार्सन एंड टुब्रो, इटरनल लिमिटेड, टेक महिंद्रा और एनटीपीसी के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही।

वीओ: सूचना और प्रौद्योगिकी सूचकांक को छोड़कर ऑटो, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं, रियलिटी, एफएमसीजी, मेटल और वित्तीय सेवा शेयरों में तेजी देखी गई। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई और चीन का शंघाई कंपोजिट बढ़त के साथ जबकि हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग और सियोल का कॉस्पी गिरावट के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजार सोमवार को गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट भी गिरावट के साथ बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को 1,926 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार बंद रहे।