Breaking News

स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज मुद्दे पर चीन की अपील, 'सभी पक्ष सैन्य कार्रवाई रोकें, बातचीत करें'     |   ईरान के खोर्रामाबाद सिटी में अमेरिकी-इजरायली हमले में 6 नागरिकों की मौत, 43 घायल     |   न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर विमान-ट्रक टक्कर हादसे में 2 लोगों की मौत     |   बिहार बोर्ड: क्लास 12 के नतीजे दोपहर 1:30 बजे घोषित किए जाएंगे     |   न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर विमान की ट्रक से टक्कर     |  

वाराणसी में STF की बड़ी कार्रवाई, 1 लाख का इनामी बदमाश बनारसी यादव मारा गया

एसटीएफ ने सारनाथ के कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या के मामले में एक लाख के इनामी शूटर बनारसी यादव को मंगलवार रात चौबेपुर थाना क्षेत्र के बारियासनपुर रिंग रोड पर मुठभेड़ में मार गिराया। वह कॉलोनाइजर की हत्या करके 166 दिन से लापता था। मौके से दो पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। 

गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के गौरहट निवासी बनारसी पर वाराणसी, गाजीपुर, सोनभद्र समेत अन्य जनपदों में 24 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। 21 अगस्त 2025 को सिंहपुर में बाइक सवार 3 शूटरों ने बाइक सवार महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या की थी। कमिश्नरेट पुलिस और एसटीएफ को बनारसी यादव की तलाश थी। 4 जनवरी को दूसरे शूटर गाजीपुर के अरविंद यादव उर्फ फौजी को सारनाथ पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। गाजीपुर के तीसरे शूटर विशाल की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। 

एसटीएफ की वाराणसी इकाई को सूचना मिली कि बनारसी यादव गाजीपुर-वाराणसी हाईवे से कहीं भागने के फिराक में है। संबंधित थाने की फोर्स और एसटीएफ ने घेराबंदी की। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बारियासनपुर रिंग रोड के पास घेराबंदी देख बनारसी ने टीम पर फायरिंग कर दी। इस बीच जवाबी फायरिंग में बनारसी को गोली लगी और वह अचेत हो गया। एसटीएफ ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महेंद्र गौतम की हत्या की सुपारी पुराने परिचित गाजीपुर निवासी जोगेंद्र यादव उर्फ फैटू ने 60 करोड़ की 29 बिस्वा जमीन के विवाद में बनारसी यादव को दी थी। बनारसी, अरविंद यादव उर्फ फौजी और विशाल तीन शूटरों को दो-दो लाख रुपये और पिस्टल मुहैया कराई गई थी। असलहा बिहार के मुंगेर निवासी मोहम्मद मुकीम ने उपलब्ध कराया था।

बनारसी यादव के खिलाफ वाराणसी, गाजीपुर और सोनभद्र में सबसे ज्यादा मामले दर्ज थे। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पहला मामला गाजीपुर के खानपुर थाने में 2003 में दर्ज हुआ था। इसी मामले में पांच और प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। वाराणसी के चोलापुर थाने में भी 2005 से 2006 के बीच चार मामले दर्ज कराए गए थे। सोनभद्र के घोरावल थाने में दो मामले दर्ज हैं। वाराणसी के दूसरे थानों में भी मामला दर्ज हुआ था। सारनाथ थानाक्षेत्र में कॉलोनाइजर की हत्या में उसकी तलाश की जा रही थी। अब मुठभेड़ में मारा गया है। महेंद्र गौतम की हत्या में आरोपी अरविंद यादव उर्फ फौजी, गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के ढकवा निवासी जोगेंद्र यादव उर्फ फैटू, सारनाथ निवासी संपूर्णानंद शुक्ला उर्फ चंदन, श्याम राजभर उर्फ रेखा प्रधान और असलहा तस्कर मुंगेर के मुर्गिया चक निवासी मोहम्मद मुकीम सभी जेल में बंद हैं।