Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

लखनऊ को मिलेगी जाम से राहत, शहीद पथ पर बनेगा 23 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर

राजधानी में वाहनों की बढ़ती संख्या और जगह-जगह जाम की समस्या का समाधान करने के लिए बड़ी पहल हो रही है। शहीद पथ पर 23 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने गुरुवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार से मिलकर मंथन किया। कॉरिडोर के लिए फिजिबिलिटी परीक्षण कराकर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही संबंधित विभागों की बैठक बुलाकर महत्वाकांक्षी परियोजना का खाका खींचा जाएगा।

शहीद पथ पर सुबह-शाम और रात्रि में आवागमन मुश्किल भरा है, क्योंकि अक्सर जगह-जगह लंबा जाम लगता है। वाहनों की कतार कुछ ही मिनटों में लंबी होने लगती है। यह मार्ग सिर्फ राजधानी वासियों को ही गंतव्य तक पहुंचाने में मदद नहीं करता, बल्कि रामनगरी अयोध्या व कानपुर जैसे शहरों को जोड़ने का अहम सेतु भी है। शहीद पथ किनारे अंतरराष्ट्रीय इकाना स्टेडियम, पुलिस मुख्यालय, लुलु माल, मेदांता हास्पिटल जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ ही नए लखनऊ की सुंदर तस्वीर भी दिखती है।

शहीद पथ को नए रूप में संवारने की योजना लेकर पहुंचे सांसद प्रतिनिधि त्रिपाठी ने एलडीए उपाध्यक्ष को बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर शहीद पथ पर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव दिया है। केंद्रीय मंत्रालय इस पहल से सहमत है और अब इसकी कार्ययोजना तैयार की जाए। एलिवेटेड कॉरिडोर को शहर के मास्टर प्लान का हिस्सा बनाया जा सकता है।

जल्द ही भारतीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, लखनऊ मेट्रो, लखनऊ विकास प्राधिकरण सहित अन्य अहम विभागों की बैठक होगी। इसमें नए कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानि डीपीआर तैयार की जाएगी। मेदांता हास्पिटल, इकाना स्टेडियम और इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के पास एलिवेटेड कॉरिडोर का रैंप बन सकता है।

इसके अलावा शहीद पथ के किनारे आवासीय कालोनियों, प्रमुख प्रतिष्ठानों आदि की मार्किंग की जाएगी। फिजिबिलिटी रिपोर्ट व डीपीआर तैयार होने के बाद योजना का नक्शा फाइनल होगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि शहीद पथ पर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने के लिए डीपीआर तैयार करने की जल्द शुरुआत होगी।

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने लुलु माल के पास शहीद पथ पर 100 मीटर के स्काई वाक को कुछ दिन पहले ही मंजूरी दी है। इसी तरह से इकाना स्टेडियम के पास शहीद पथ पर फ्लाईओवर बनना है, इससे ग्रीन कॉरिडोर किसान पथ से जोड़ा जाएगा। एलिवेटेड कॉरिडोर में इन योजनाओं का भी ध्यान रखा जाएगा।