Assam: लोकसभा सदस्य दिलीप सैकिया शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की असम इकाई के नए अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस चुनाव के निर्वाचन अधिकारी केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दिलीप सैकिया को आधिकारिक नियुक्ति पत्र सौंपा। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और निवर्तमान प्रदेश पार्टी अध्यक्ष भावेश कालिता मौजूद थे।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और दारांग-उदालगुरी निर्वाचन क्षेत्र (पहले यह मंगलदाई नाम से जाना जाता था) के दूसरी बार के सांसद दिलीप सैकिया प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए इकलौते उम्मीदवार थे।
उन्होंने गुरुवार शाम को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके लिए 20 प्रस्तावक और समर्थक थे जिनमें निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष कालिता, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्बा सरमा और असम विधानसभा के उपाध्यक्ष नुमोल मोमिन शामिल थे। 51 साल के दिलीप सैकिया बीजेपी और उसकी युवा शाखा में अलग-अलग पदों पर रह चुके हैं।
वे 2019 में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। हरीश द्विवेदी, संबित पात्रा और सुनील बंसल जैसे शीर्ष केंद्रीय नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया की देखरेख की और शीर्ष पद के लिए सब की सहमति से तय करने के लिए राज्य नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श किया।