Breaking News

छत्तीसगढ़ के सूरजपूर में तेजी बारिश में बहा पुल, 10 करोड़ की लागत से हुआ था निर्माण     |   वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री की पिस्टल से चली गोली, 2 घायल     |   तमिलनाडु के थूथुकुडी-पालयमकोट्टई रोड पर स्थित एक प्राइवेट टू-व्हीलर शोरूम में लगी आग     |   हाथरस: सिकंदराराऊ इलाके में GT रोड पर हादसा, नोएडा की ओर आ रही कार अनियंत्रित होकर पलटी     |   मंगलुरु: BJP नेता ने सोनिया गांधी के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, वंदे मातरम् के आपमान का लगाया आरोप     |  

केरल विधानसभा चुनाव: शुरुआती 2 घंटे में 16% मतदान, 140 सीटों पर वोटिंग जारी

केरल विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान शुरू होने के बाद शुरुआती दो घंटे में 16 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
निर्वाचन आयोग (ईसी) के अनुसार, सुबह नौ बजे तक 16.23 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें एर्नाकुलम जिले में सबसे अधिक 17.8 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन क्षेत्रवार आंकड़ों के मुताबिक, सुबह नौ बजे तक त्रिपुणितुरा में सर्वाधिक 20.59 प्रतिशत मतदान हुआ।

सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ), मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के शासन और कल्याणकारी मॉडल के दम पर लगातार तीसरी बार सत्ता बरकरार रखने की जुगत में है। वहीं, कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) राज्य में एक दशक से जारी वाम शासन को बेदखल कर सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटा है।

भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन एलडीएफ और यूडीएफ के वर्चस्व को चुनौती देने और अपने बढ़ते मत प्रतिशत को विधानसभा में निर्णायक उपस्थिति में बदलने का लक्ष्य लेकर मैदान में है। राज्य की सभी 140 विधानसभा सीट पर गुरुवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। दिन चढ़ने के साथ लोग सुबह-सुबह ही राज्य के 30,495 मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। मतदान कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच जारी है।

इसके तहत 76,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई और वेबकास्टिंग प्रणाली का व्यापक पैमाने पर इस्तेमाल करते हुए चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है। राज्य की 140 विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे 883 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करीब 2.71 करोड़ मतदाता करेंगे।
निर्वाचन आयोग (ईसी) के आंकड़ों के अनुसार, मतदाताओं में 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 ‘ट्रांसजेंडर’ शामिल हैं। इसके अलावा 2.42 लाख से अधिक प्रवासी मतदाता भी हैं। इस चुनावी प्रक्रिया के लिए निर्वाचन आयोग (ईसी) ने 1.42 लाख प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की है।