Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

Karnataka: मेट्रो किराए में भारी बढ़ोतरी पर सीएम सिद्दारमैया का हस्तक्षेप, दिए ये निर्देश

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने बेंगलुरू मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) को मेट्रो किराए में हुई असमान वृद्धि को ठीक करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने ये हस्तक्षेप तब किया जब मेट्रो किराए में हालिया बढ़ोतरी को लेकर यात्रियों की शिकायतें सामने आईं। 

सिद्दारमैया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘बेंगलुरू मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) ने जिस तरह से बेंगलुरू मेट्रो किराया संशोधन को लागू किया है, उससे विसंगतियां पैदा हो गई हैं और कुछ खंडों में किराया दोगुना से भी अधिक हो गया है।’’

उन्होंने कहा कि मैंने बीएमआरसीएल के प्रबंध निदेशक को इन विसंगतियों को तुरंत दूर करने और जहां असामान्य रूप से वृद्धि हुई है, वहां किराए को कम करने का निर्देश दिया है। यात्रियों के हितों की रक्षा की जानी चाहिए।’’ 

बीएमआरसीएल ने कहा था कि उसने किराए में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि की है, लेकिन अब ये सामने आया है कि कुछ मार्गों पर ये बढ़ोतरी दोगुने से भी ज्यादा हो गई है। बीएमआरसीएल ने कैब सेवा कंपनियों से प्रेरणा लेते हुए ‘पीक टाइम’ के लिए अलग दर भी पेश की। 

किराए में भारी वृद्धि से छात्रों और निम्न आय वर्ग के लोगों समेत कई यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। किराया बढ़ने के बाद यात्रियों ने बसों और निजी वाहनों का रुख कर लिया। बीएमआरसीएल के सूत्रों के अनुसार, किराया संशोधन के बाद उसकी आय में गिरावट दर्ज की गई है।