Breaking News

सही दिशा नहीं मिली तो बोझ बन जाएंगे युवा: मोहन भागवत     |   ग्रामीण स्कूलों के सोशल ऑडिट की आज से देशव्यापी शुरुआत     |   80वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं     |   स्वतंत्रता दिवस पर अमेरिकी विदेश मंत्री की भारत को बधाई     |   स्वतंत्रता दिवस पर गृह मंत्री अमित शाह ने दी शुभकामनाएं, वीर शहीदों को किया नमन     |  

कर्नाटक CM डीके शिवकुमार की बड़ी समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था और मानसून तैयारियों पर जोर

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शनिवार को विधान सौधा में राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों (DC), मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) और पुलिस अधीक्षकों (SP) के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, मानसून की तैयारियों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने प्रशासन और जनसेवाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचना चाहिए और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मानसून के दौरान संभावित चुनौतियों से निपटने की तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बारिश और आपदा संबंधी परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। इससे पहले 8 जून को डीके शिवकुमार ने राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए विशेष एंटी-राउडी स्क्वॉड गठित करने की घोषणा की थी। ये स्क्वॉड सर्कल और थाना स्तर पर काम करेंगे और गुंडागर्दी, रंगदारी, गैंग गतिविधियों तथा हिंसा पर नजर रखेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि राज्य का हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे, यह सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कर्नाटक को भयमुक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। वहीं, 4 जून को मुख्यमंत्री ने राज्य के समग्र विकास को सरकार का प्रमुख लक्ष्य बताते हुए कई अहम फैसलों की घोषणा की थी। इनमें स्कूली और कॉलेज छात्रों के लिए मुफ्त बस पास, 56 हजार रिक्त पदों पर भर्ती, निजी क्षेत्र में कन्नड़ भाषियों को प्राथमिकता और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विशेष योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारी ही सरकार का चेहरा होते हैं, इसलिए उन्हें जनता का विश्वास जीतने और बेहतर सेवाएं देने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।