राजनैतिक रणनीतिकार से कार्यकर्ता बने प्रशांत किशोर ने रविवार को विश्वास जताया कि उनकी पार्टी 2025 में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेगी। किशोर ने साफ तौर पर कहा कि उनकी लड़ाई एनडीए से है, क्योंकि बिहार में आरजेडी काफी कमजोर हो चुकी है। जन सुराज को जल्द ही एक राजनैतिक दल के रूप में औपचारिक रूप दिए जाने की अटकलें हैं।
प्रशांत किशोर ने कहा, "अरे भइया दल बना नहीं है और आप पूछ रहे हैं कि सीएम कौन होगा। अगले साल 2025 में जन सुराज का मुख्यमंत्री बनेगा। जन सुराज की सरकार बनेगी। उसमें किन्तु परन्तु मत रखिए। बाकी कौन बनेगा, राज्य की जनता होशियार है। वो चुनकर अपने आप बता देगी।"
आगे उन्होंने कहा कि "आरजेडी को जो करना है करे। हमारी लड़ाई आरजेडी से है ही नहीं। जन सुराज की लड़ाई सीधे एनडीए से है। लोकसभा चुनाव के नतीजों को आप देखिएगा तो 176 सीट पर तो एनडीए आगे है। आरजेडी तो ना तीन में ना तेरह में है। आरजेडी को कौन पूछ रहा है। लड़ाई जन सुराज और एनडीए के बीच है। आरजेडी चाहे धरने पर बैठ जाए या अनशन पर बैठ जाए। "