Breaking News

अभिजीत दीपके की अपील खारिज, पुलिस ने CJP के प्रोटेस्ट की समयसीमा बढ़ाने से किया इनकार     |   'बंगाल बेड़ियों से आजाद हो गया है', तारकेश्वर में PM मोदी का TMC-लेफ्ट पर हमला     |   बंगाल में आपके वोट का परिवर्तन नजर आ रहा है: पीएम मोदी     |   ईरान पहुंचे पाकिस्तानी गृह मंत्री नकवी, शांति समझौते के बाद पहला हाई-लेवल दौरा     |   जंतर-मंतर पर जारी रहेगा प्रदर्शन! CJP फाउंडर दीपके बोले- शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक नहीं हटेंगे     |  

जम्मू में पहली मैराथन का आगाज, CM उमर अब्दुल्ला ने दिखाई हरी झंडी

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को मौलाना आजाद स्टेडियम से पहली जम्मू मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने खुद भी प्रतिभागियों के साथ हिस्सा लिया। इस मैराथन में फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन और अभिनेत्री गुल पनाग भी मौजूद रहीं। बारिश के बावजूद इस आयोजन में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे फिटनेस, एकता और नशा मुक्ति का मजबूत संदेश दिया गया। कार्यक्रम में युवाओं से लेकर हर उम्र के लोगों का उत्साह देखने को मिला।

अभिनेत्री गुल पनाग ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार आयोजित हो रही मैराथन के लिए इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के बावजूद लोगों का जोश कम नहीं हुआ, जो बेहद सराहनीय है। पनाग ने यह भी कहा कि जब मुख्यमंत्री खुद एक रोल मॉडल बनकर आगे आते हैं, तो युवाओं को प्रेरणा मिलती है और उनके पास कोई बहाना नहीं बचता।

वहीं, मिलिंद सोमन ने भी इस आयोजन को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि जम्मू में इतने बड़े स्तर पर मैराथन का आयोजन पहली बार हुआ है और उम्मीद जताई कि लोग इस अनुभव का आनंद लेंगे। उन्होंने फिटनेस को जीवन का अहम हिस्सा बताते हुए लोगों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

मिलिंद सोमन ने अपनी दिनचर्या का जिक्र करते हुए कहा कि वह रोजाना थोड़े समय के लिए व्यायाम करते हैं और जिम या विशेष डाइट पर निर्भर नहीं रहते। उन्होंने लोगों को नंगे पैर दौड़ने का अनुभव लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया। मैराथन में शामिल अन्य प्रतिभागियों ने भी इसे शांति, भाईचारे और नशा मुक्त समाज के संदेश को बढ़ावा देने वाली सकारात्मक पहल बताया। उनका मानना है कि आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर खेल गतिविधियों का एक बड़ा केंद्र बन सकता है।

इस आयोजन में केन्या के धावक ब्रायन ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने मैराथन की सराहना करते हुए कहा कि आयोजन अच्छा था, हालांकि मौसम के कारण कुछ चुनौतियां रहीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इसे और बेहतर बनाया जाएगा। कुल मिलाकर, पहली जम्मू मैराथन ने क्षेत्र में फिटनेस और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ एक सकारात्मक संदेश देने का काम किया है।