Breaking News

असम: बाल विवाह के खिलाफ एक नवंबर से 30 दिन का स्पेशल क्रैकडाउन     |   ‘वंदे मातरम्’ पर सोनिया गांधी से BJP का सवाल- इतनी नफरत क्यों?     |   गुजरात: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएम भूपेंद्र पटेल ने किए 3 बड़े ऐलान     |   सही दिशा नहीं मिली तो बोझ बन जाएंगे युवा: मोहन भागवत     |   ग्रामीण स्कूलों के सोशल ऑडिट की आज से देशव्यापी शुरुआत     |  

पुलवामा हमले से जुड़े मामले में आरोपी शहबाज सिद्दीकी से पूछताछ शुरू, ATS को मिला पांच दिन का रिमांड

पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े मामले में गिरफ्तार आरोपी शहबाज सिद्दीकी से एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियां आरोपी के संपर्कों, गतिविधियों और आतंकी नेटवर्क से संभावित संबंधों की गहन पड़ताल कर रही हैं। एनआईए/एटीएस के प्रभारी विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल ने सुनवाई के बाद आरोपी शहबाज सिद्दीकी को पांच दिन की कस्टडी रिमांड पर एटीएस को सौंपने का आदेश दिया। रिमांड अवधि के दौरान एटीएस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने का प्रयास करेगी।

जांच एजेंसियों के अनुसार शहबाज सिद्दीकी का संपर्क पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद उमर से होने की आशंका है। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया के माध्यम से संवेदनशील और गोपनीय सूचनाएं साझा की थीं। इसी आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है और अब उसके डिजिटल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों तथा अन्य संपर्कों की जांच की जा रही है।

एटीएस आरोपी को मुंबई भी ले जा सकती है। बताया जा रहा है कि शहबाज मुंबई में एक ग्लास फैक्टरी में काम करता था। जांच एजेंसियां वहां उसके ठिकानों, परिचितों और गतिविधियों की भी जांच करेंगी ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान प्राप्त होने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने किस स्तर तक जानकारी साझा की, उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे और क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था। मामले की जांच जारी है और एटीएस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।