Breaking News

अमेरिका ने ईरान की सेना को पूरी तरह से तबाह कर दिया है: ट्रंप     |   मशहूर सिंगर आशा भोसले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती     |   इराकी संसद ने निजार अमेदी को देश का नया राष्ट्रपति चुना     |   लेबनान के पीएम ने वॉशिंगटन यात्रा स्थगित की     |   ईरान की बड़ी शर्त, कहा- बेरूत पर हमले रुके तभी होगी US से बात     |  

भारत ने अपने नागरिकों से नेपाल की यात्रा स्थगित करने को कहा

नेपाल में अशांति को देखते हुए, भारत ने मंगलवार को अपने नागरिकों से वहां की स्थिति सामान्य होने तक पड़ोसी देश की यात्रा स्थगित करने को कहा। एक परामर्श जारी कर विदेश मंत्रालय ने नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों से सड़कों पर निकलने से बचने और सावधानी बरतने को कहा। बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘नेपाल में बदल रहे हालात को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे स्थिति सामान्य होने तक नेपाल की यात्रा स्थगित कर दें। नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने-अपने निवास स्थानों पर ही रहें, सड़कों पर निकलने से बचें और पूरी सावधानी बरतें।"

सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के कारण हुए बड़े पैमाने पर सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को नेपाल के अधिकारियों और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी सुरक्षा सलाह का पालन करने की सलाह दी। विदेश मंत्रालय ने कहा, "किसी भी सहायता की आवश्यकता होने पर, कृपया काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करें: 977 – 980 860 2881; 977 – 981 032 6134।" भारत ने कहा है कि नेपाल में विरोध प्रदर्शनों के दौरान कई युवाओं की मौत होने से उसे गहरा दुख हुआ है और उसने आशा व्यक्त की है कि इन मुद्दों का शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकाला जाएगा। सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच एअर इंडिया, इंडिगो और नेपाल एयरलाइंस ने दिल्ली से काठमांडू जाने वाली अपनी उड़ानें रद्द कर दीं।