नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की एक उड़ान शुक्रवार सुबह श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के पोल के संपर्क में आ गई। घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। एयरपोर्ट प्राधिकरण के मुताबिक, घटना के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।
एयरपोर्ट प्राधिकरण ने बताया कि इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 225 (VT-NOG) शुक्रवार सुबह करीब 9:02 बजे बे नंबर 6 पर पार्क की जा रही थी। इसी दौरान विमान VDGS पोल के संपर्क में आ गया। घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया। यात्रियों को विमान से बाहर निकालने के लिए मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया।
प्राधिकरण के अनुसार, घटना के कारणों और इससे जुड़ी परिस्थितियों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी जानकारी और सही कारण सामने आ सकेगा। इस घटना के बीच श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है। एयरपोर्ट के सिविल एन्क्लेव के विस्तार के लिए 1,667 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है। इसके पूरा होने के बाद एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता बढ़कर करीब एक करोड़ हो जाएगी।
जम्मू-कश्मीर सरकार की ओर से गृह मंत्रालय को दी गई जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विस्तार के बाद बढ़ती यात्री संख्या को संभालने के साथ-साथ श्रीनगर एयरपोर्ट की सुविधाओं और क्षमता में भी इजाफा होगा। इस परियोजना से कश्मीर आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर एयरपोर्ट सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।