Breaking News

कोलकाता से एक गिरफ्तार, पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के लिए जासूसी करने का आरोप     |   विदेश से लौटते ही कल पीएम मोदी कैबिनेट मंत्रियों के साथ मीटिंग करेंगे     |   रोम: पीएम मोदी को खाद्य एवं कृषि संगठन का सर्वोच्च सम्मान मिला     |   भोपाल: ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम नहीं होगा, परिवार की याचिका कोर्ट से खारिज     |   केरलम में दूध के दाम चार रुपये बढ़े, एक जून से होंगे लागू     |  

IMD का अलर्ट, आंधी-बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत, कई राज्यों में तूफान और भारी बारिश की चेतावनी

देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राहत और अलर्ट दोनों की जानकारी दी है। IMD के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले दिनों में उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत के कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों से उत्तरी भारत में लू का असर बना हुआ है, लेकिन अब एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बदलेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है। पंजाब और हरियाणा में भी 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे अगले तीन दिनों में तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

पूर्वी भारत के बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में तेज आंधी-तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं और ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में अगले एक सप्ताह तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

हालांकि राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में अभी भी लू का असर रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें कमी आने की उम्मीद है। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भी राहत मिलने की संभावना है। यहां हल्की बारिश और 50 किमी प्रति घंटे तक की हवाओं के साथ तापमान गिरकर करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। इसी बीच, केंद्र सरकार ने भी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को हीटवेव से निपटने के लिए अलर्ट किया है और सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।