भारतीय क्रिएटिव टेक्नोलॉजी संस्थान (IICT) और Netflix ने 100 छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की घोषणा की है। इस स्कॉलरशिप के तहत छात्रों को छह प्रोफेशनल कोर्स के लिए 80 प्रतिशत तक आर्थिक मदद दी जाएगी। इसका उद्देश्य भारत में क्रिएटिव क्षेत्र के लिए बेहतर और कुशल प्रतिभाओं को तैयार करना है। इस स्कॉलरशिप का लाभ देशभर के छात्र और कामकाजी लोग उठा सकेंगे। इसके तहत दो एक साल के डिप्लोमा प्रोग्राम और चार छह महीने के सर्टिफिकेट प्रोग्राम शामिल हैं।
एक साल के डिप्लोमा कोर्स में इंटरैक्टिव कॉमिक्स एंड सीक्वेंशियल आर्ट्स और विजुअल इफेक्ट्स मास्टरी शामिल हैं। वहीं, छह महीने के सर्टिफिकेट कोर्स में वर्चुअल आर्ट डिपार्टमेंट कंटेंट क्रिएशन, मीडिया टेक वर्कफ्लो, आर्ट ऑफ कैरेक्टर एनिमेशन और ई-स्पोर्ट्स एंड गेमिंग मैनेजमेंट शामिल हैं।यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और Netflix के सह-CEO टेड सारंडोस के बीच 5 अगस्त को हुई मुलाकात के बाद सामने आई है। इस दौरान पीएम मोदी ने भारत की समृद्ध कहानी कहने की परंपरा और देश में मौजूद क्रिएटिव टैलेंट की चर्चा की थी। उन्होंने भारत को कंटेंट क्रिएशन का ग्लोबल हब बनाने की दिशा में काम करने पर जोर दिया था।
इसके बाद Netflix India Storytelling Initiative शुरू की गई। इसका उद्देश्य भारत की नई क्रिएटिव प्रतिभाओं को इंडस्ट्री से जुड़ी जरूरी स्किल्स देना है। यह पहल एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित है। IICT के अनुसार, विजुअल इफेक्ट्स मास्टरी और मीडिया टेक वर्कफ्लो प्रोग्राम का सिलेबस मौजूदा इंडस्ट्री की जरूरतों और अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें Netflix की ओर से भी सुझाव दिए गए हैं।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव और IICT बोर्ड के चेयरमैन चंचल कुमार ने कहा कि तकनीक तेजी से बदल रही है और इसका असर कहानियां बनाने के तरीके पर भी पड़ रहा है। ऐसे समय में क्रिएटिव इंडस्ट्री के लिए प्रशिक्षित लोगों की जरूरत बढ़ रही है। IICT के CEO विश्वास देवसकर ने कहा कि Netflix के साथ साझेदारी से छात्रों को इंडस्ट्री की जरूरतों, काम करने के तरीकों और जरूरी मानकों की बेहतर जानकारी मिलेगी।
FICCI AVGC-XR फोरम के चेयरमैन मुंजाल श्रॉफ ने कहा कि IICT, FICCI और Netflix की यह साझेदारी इंडस्ट्री की जरूरत के हिसाब से टैलेंट तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। IICT भारत में एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (AVGC-XR) क्षेत्र का राष्ट्रीय स्तर का संस्थान है। इसे सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने महाराष्ट्र सरकार, FICCI और CII के साथ मिलकर स्थापित किया है। फिलहाल IICT मुंबई के पेडर रोड स्थित NFDC कॉम्प्लेक्स से काम कर रहा है। वहीं, इसका स्थायी 10 एकड़ का कैंपस गोरेगांव की Film City में तैयार किया जा रहा है।