Breaking News

मेरठ: नकली दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़, FSDA की रेड के बाद एक आरोपी गिरफ्तार     |   'मैं एसी में बैठने वाला एक्टिविस्ट नहीं...', इस्तीफे के बाद धर्मेंद्र प्रधान की पहली प्रतिक्रिया     |   'गांधी आज भी प्रासंगिक, सरकार को लोगों की बात सुननी चाहिए', राजघाट पर बोले सोनम वांगचुक     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SC में सुनवाई, ‘एक CA भी SIT में होना चाहिए’     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 63 पैसे उछलकर 95.90 के स्तर पर पहुंचा     |  

एशियन गेम्स में गुजरात का दबदबा, 9 खिलाड़ी भारतीय टीम में चुने गए

गुजरात ने भारतीय खेलों में एक नया अध्याय लिखा है। राज्य के 9 खिलाड़ियों और 1 रिजर्व खिलाड़ी का चयन 20वें एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में हुआ है। ये एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित किए जाएंगे। यह गुजरात के लिए बड़ी उपलब्धि है। 2014 के एशियाई खेलों में राज्य के सिर्फ 3 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था। अब 12 साल बाद यह संख्या बढ़कर 9 हो गई है। इससे पता चलता है कि गुजरात तेजी से देश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल हो रहा है।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने इसे राज्य के लिए गर्व का पल बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खेलों के विकास के लिए किए गए लंबे समय के प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने कहा कि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल महाकुंभ और शक्तिदूत योजना जैसी योजनाओं के जरिए राज्य में खेलों की मजबूत नींव रखी थी। आज इन प्रयासों का परिणाम दिखाई दे रहा है और गुजरात लगातार एक बड़े खेल केंद्र के रूप में उभर रहा है।

पिछले एक दशक में गुजरात में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए जमीनी स्तर पर लगातार काम किया गया है। शक्तिदूत योजना और खेल महाकुंभ जैसी योजनाओं से राज्य में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने और उन्हें आगे बढ़ाने में मदद मिली। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में वर्तमान सरकार ने भी बेहतर खेल सुविधाओं, खिलाड़ियों के लिए सहायता योजनाओं और उच्च स्तर की ट्रेनिंग के जरिए इस व्यवस्था को और मजबूत किया है।

हर्ष सांघवी ने कहा कि गुजरात का लक्ष्य सिर्फ खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देना नहीं, बल्कि ऐसा मजबूत खेल माहौल तैयार करना है, जिससे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी से पहले गुजरात में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित करने पर तेजी से काम किया जा रहा है। पिछले 10 वर्षों में ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाई खेलों में गुजरात के खिलाड़ियों की भागीदारी लगातार बढ़ी है। इस बार जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए चुने गए खिलाड़ियों में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाएं भी शामिल हैं।

एशियाई खेलों के लिए चुने गए गुजरात के खिलाड़ी:

  • इलावेनिल वलारिवन – शूटिंग

  • हरमीत देसाई – टेबल टेनिस

  • मानव ठक्कर – टेबल टेनिस

  • मनुष शाह – टेबल टेनिस

  • अनिकेत पटेल – सॉफ्ट टेनिस

  • आर्यन नेहरा – तैराकी

  • अंकिता रैना – टेनिस

  • वैदेही चौधरी – टेनिस

  • देव्यानी जाला – एथलेटिक्स (स्प्रिंट)

वहीं, जिल देसाई को टेनिस में रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर चुना गया है।