Breaking News

केरलम में पिनाराई विजयन को बड़ी जिम्मेदारी, निर्विरोध चुने गए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष     |   बिहार ब्लैकआउट: पटना समेत 6 जिलों में शाम 7:15 बजे तक 'बत्ती गुल'     |   दिल्ली: राहुल गांधी ने 10 जनपथ पर तमिलनाडु के कांग्रेस विधायकों से मुलाकात की     |   नीट यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने आरोपी की 7 दिन की पुलिस कस्टडी मांगी     |   श्रीलंका में होने वाली ODI ट्राई सीरीज के लिए इंडिया 'ए' टीम का ऐलान हुआ     |  

मजबूत मांग के बीच सोने की कीमत में 800 रुपये की बढ़त, चांदी भी 500 रुपये मजबूत

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 800 रुपये चढ़कर 1,14,000 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव और अमेरिका-चीन के बीच नए व्यापारिक तनाव के बीच मजबूत वैश्विक संकेतों के चलते सोने में तेजी आई। चांदी की कीमत भी 500 रुपये बढ़कर 1,32,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर रही।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बृहस्पतिवार को 1,13,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। स्थानीय सर्राफा बाजार में 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 700 रुपये बढ़कर 1,13,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों समेत) हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में ये 1,12,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘हफ्ते के अंतिम कारोबारी सत्र में सोने में सकारात्मक रुख रहा और कीमती धातुओं में तेजी रही। इस तेजी के कई कारण हैं। इनमें इस साल एक्सचेंज-ट्रेडेड फंडों में मजबूत निवेश और केंद्रीय बैंकों द्वारा सक्रिय रूप से सोना खरीदना शामिल है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके साथ, इस साल के अंत से पहले अमेरिकी फेडरल रिजर्व (फेड) द्वारा ब्याज दरों में और भी कटौती की उम्मीदें और मौजूदा भू-राजनीतिक तनावों और व्यापार संबंधी मुद्दों के कारण सुरक्षित निवेश की लगातार मांग बनी रह सकती है।’’

इसके अलावा चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन बढ़त दर्ज की गई और शुक्रवार को ये 500 रुपये बढ़कर 1,32,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। एसोसिएशन के अनुसार बृहस्पतिवार को चांदी 1,31,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना 0.18 प्रतिशत बढ़कर 3,651.18 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि हाजिर चांदी लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 42.16 डॉलर प्रति औंस रही।

एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषण विभाग के उपाध्यक्ष (कमोडिटी एंड करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘सोने की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं और अब ध्यान अगले हफ्ते के प्रमुख अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़ों पर है। इन आंकड़ों में जीडीपी, विनिर्माण और सेवा पीएमआई, और पीसीई मूल्य सूचकांक शामिल हैं। ये आंकड़े आगे के रुझान को दिशा देंगे।’’