Breaking News

रूस में गैस प्लांट में भीषण आग, 6 चीनी नागरिकों समेत 7 की मौत... 9 अब भी लापता     |   अमेरिका जाने वालों को बड़ा झटका, वीजा अपॉइंटमेंट पर रोक     |   दिल्ली: रेस क्लब को नहीं मिली राहत, कोर्ट ने याचिका ठुकराई, 15 दिन में करना होगा खाली     |   कर्नाटक में सियासी हलचल तेज, नागेंद्र ने CM को दिया इस्तीफे का ऑफर     |   20 बागी TMC सांसदों को लोकसभा सचिवालय का नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब     |  

Kriti Sanon के विज्ञापन पर विवाद के बाद GIVA ने विज्ञापन वापस लिया, कहा- धार्मिक भावनाएं आहत करना मकसद नहीं

ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने अभिनेत्री कृति सेनन वाले अपने हालिया विज्ञापन को वापस ले लिया है। विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद और कुछ लोगों की आपत्तियों के बाद कंपनी ने यह फैसला लिया। GIVA ने कहा कि किसी की धार्मिक या सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना उसका मकसद कभी नहीं था। GIVA ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी कर कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का पूरा सम्मान करता है। कंपनी ने कहा कि वह हमेशा त्योहारों को पूरे परिवार के साथ खुशी से मनाने में विश्वास करती है और इस बार अपने पालतू जानवरों को भी परिवार का हिस्सा मानते हुए उन्हें इस खुशी में शामिल करना चाहती थी।

कंपनी ने कहा कि अगर उसके विज्ञापन से अनजाने में समाज के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो यह जानबूझकर नहीं किया गया था। लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए कंपनी ने विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया है। यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब रक्षाबंधन के विज्ञापन में कृति सेनन आइवरी रंग के लहंगे, डीप नेक ब्लाउज और केप में नजर आईं। जहां कई लोगों ने उनके लुक की तारीफ की, वहीं कुछ लोगों ने इसे अनुचित बताते हुए संस्कृति और परंपराओं को लेकर सवाल उठाए।

कृति सेनन ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर इन आलोचनाओं का जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि त्योहारों का मतलब कपड़ों से नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी भावनाओं और परंपराओं से होता है। कृति ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच सुरक्षा और प्यार का रिश्ता है और उनकी बहन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए उनके कुत्ते भी परिवार का हिस्सा हैं और त्योहारों की खुशियों में उन्हें भी शामिल किया जाता है।

कृति ने महिलाओं के कपड़ों को लेकर होने वाली आलोचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी महिला के कपड़ों से उसकी संस्कृति और सम्मान को क्यों जोड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि संस्कृति और परंपराएं दिल में होती हैं, कपड़ों या नेकलाइन में नहीं। कृति की इस बात का समर्थन कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी किया। उन्होंने कहा कि महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसकी अपनी पसंद है। उन्होंने महिलाओं को उनकी आजादी के लिए ट्रोल नहीं करने की अपील की।

वहीं, अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी इस विज्ञापन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने महिलाओं के पास कपड़ों के कई विकल्प होने की बात कही और विज्ञापन के अंदाज पर सवाल उठाते हुए इसे जानबूझकर अजीब बताया था। विवाद बढ़ने के बाद अब GIVA ने विज्ञापन वापस लेते हुए लोगों को प्यार और सकारात्मकता के साथ त्योहार मनाने की शुभकामनाएं दी हैं।