ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक को बुधवार शाम अस्पताल से छुट्टी मिल गई। पानी की कमी की वजह से उन्हें रविवार शाम को भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन दिन बाद अब उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक है। बीजेडी नेता संजय दास बर्मा ने बताया कि पटनायक अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। उनकी हालत अब स्थिर है और सुधार हो चुका है। बीजेडी प्रमुख नवीन पटनायक ने अस्पताल से छुट्टी के बाद ओडिशा की जनता और डॉक्टरों को धन्यवाद दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए उन्होंने कहा कि मैं ओडिशा की जनता को मेरी सेहत के लिए की गई प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। साथ ही, अस्पताल के सभी डॉक्टरों और स्टाफ को भी मेरी देखभाल के लिए धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि वे अब बिल्कुल ठीक हैं।
बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने फोन कर पटनायक की तबीयत का हालचाल लिया और जल्द ठीक होने की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने पटनायक से फोन पर कहा कि वे कुछ समय आराम करें और उन्हें जल्द दिल्ली आने का न्योता भी दिया। इस बात की जानकारी पटनायक ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र का मेरी सेहत के बारे में पूछने और शुभकामनाएं देने के लिए धन्यवाद। इसके साथ ही उन्होंने हालचाल पूछने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को भी धन्यवाद कहा।
बता दें कि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई नेताओं ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। पटनायक ने अस्पताल में उनसे मिलने आए ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग, कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, और ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास को फोन कर धन्यवाद दिया। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने समर्थकों से अपील की कि वे अस्पताल से छुट्टी के बाद उनसे मिलने उनके निवास नवीन निवास आ सकते हैं।