Breaking News

PM आवास प्रोटेस्टः राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया     |   मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |  

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों का दिल्ली कूच, कई बॉर्डर सील, जगह-जगह पुलिस तैनात

देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को पंजाब, हरियाणा और कई अन्य राज्यों के किसान महापंचायत के लिए दिल्ली कूच पर निकल पड़े हैं। दिल्ली के किसान घाट पर भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करवाने समेत किसानों की मांगो को लेकर विशाल महारैली का आयोजन किया जाएगा। 

पंजाब और हरियाणा के किसानों के दिल्ली कूच के एलान को लेकर मंगलवार को सोनीपत जिला पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने हल्दाना बॉर्डर से लेकर भिगान टोल प्लाजा और कुंडली बॉर्डर तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर हर छोटे-बड़े वाहन की सघन जांच की जा रही है, जबकि भिगान क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा के तौर पर सडक किनारे पत्थर भी रखवाए गए हैं।

किसान संगठनों ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली कूच का आह्वान किया है। इसके मद्देनजर सोनीपत पुलिस पूरी तरह सतर्क है। दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के निर्देश पर बिना जांच किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया जा रहा।

पुलिस को आशंका है कि गन्नौर और गोहाना क्षेत्र से भी किसान जत्थों के रूप में दिल्ली की ओर रवाना हो सकते हैं। इसी को देखते हुए इन इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है, जबकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों की आवाजाही को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखना है। स्थिति पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार नजर रखे हुए हैं। मंगलवार को किसानों के दिल्ली पहुंचने को लेकर यूपी पुलिस अलर्ट मोड पर है। सोमवार देर रात से ही पुलिस ने यूपी गेट, सीमा बॉर्डर, दिल्ली-यूपी अप्सरा बॉर्डर, समेत कई स्थानों पर कड़ी चेकिंग शुरू कर दी थी। वहीं, मंगलवार सुबह तड़के से गाजियाबाद के इंदिरापुरम, खोड़ा, साहिबाबाद, शालीमार गार्डन, टीलामोड समेत कई थानों की पुलिस ने बॉर्डर सील कर दिए। इस दौरान कई इलाकों में भारी जाम की समस्या भी बनी हुई है। 

ट्रेड डील के विरोध में आज दिल्ली कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में रोक लिया। अंबाला व पंजाब की ओर से आ रहे किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने भारी बंदोबस्त किए हैं। जहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है तो वहीं बेरीकेडिग भी की गई है। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने रेट से भरे डंपर भी हाईवे पर लगा दिए हैं। सैकड़ों की संख्या में किसान नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं जिला के अन्य क्षेत्रों से किसान दिल्ली की ओर कूच कर गए हैं।

भारत-अमेरिका समझौते को रद्द करने की मांग को लेकर दिल्ली कूच कर रहे भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के किसानों को मंगलवार सुबह बहादुरगढ़ के पास अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर) पर दिल्ली पुलिस ने रोक दिया। किसानों की करीब पांच बसों को दिल्ली की ओर बढ़ने नहीं दिया गया, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया।

सुबह करीब 8:15 बजे पंजाब के पटियाला सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों किसान बसों में सवार होकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोकने पर किसानों ने इसका विरोध किया और बहादुरगढ़ बाईपास के पास यूईआर पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

किसान नेताओं का कहना है कि वे भारत-अमेरिका समझौते के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली कूच कर रहे थे, लेकिन उन्हें दिल्ली में प्रवेश से पहले ही रोक दिया गया। किसानों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध दर्ज कराया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसानों से बातचीत कर जाम खुलवाने के प्रयास शुरू किए।