Maharashtra Assembly Elections: महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को वोट डाले गए। महाराष्ट्र में इस बार की चुनावी लड़ाई काफी रोमांचक है क्योंकि एनसीपी और शिवसेना में फूट के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। लोकतंत्र का उत्सव मनाने के लिए सुबह से ही लोग वोटिंग सेंटर पर पहुंचने लगे। ठाणे में वोट डालने पहुंचे वोटरों ने नेताओं से महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर ज्यादा ध्यान देने की अपील की।
मुंबई के मालाबार हिल इलाके में वोट डालने पहुंचे लोगों ने विकास के नाम पर वोट डालने की बात कही। मुंबई के कोलाबा विधानसभा इलाके में लोगों ने आम लोगों की दिक्कतों से जुड़े मुद्दों को उठाया।
मुंबई के जुहू इलाके में भी वोटिंग सेंटर के बाहर भी लंबी लाइन दिखाई दी। वहीं मुंबई के बांद्रा इलाके में वोट डालने पहुंचे लोगों ने सस्ते घरों का मुद्दा उठाया। सभी लोगों ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, इसी क्रम में सीनियर सिटीजन भी वोट डालने के लिए पहुंचे।
नागपुर में रहने वाली 93 साल की बुजुर्ग महिला निर्मला चितले भी वोट डालने पहुंचीं। उन्होंने इमरजेंसी के दौरान एक महीना जेल में काटा था। महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर वोटिंग हो गई है। अब नतीजों का इंतजार है जो 23 नवंबर को आएंगे।